Prayagraj: अतीक के इलाके में फिर 'बमबाजी', नकाबपोश बदमाशों का दिल दहलाने वाला Video Viral
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक बार फिर बमबाजी की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खास बात ये है कि यह घटना अतीक के इलाके यानी करेली थाना क्षेत्र की है, जिसमे 2 नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक युवक पर बम से हमला कर दिया। बमबाजी की यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
घर के बाहर खड़े युवक पर बम से हमला
बता दें कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:13 बजे की है। करेली के गौसनगर निवासी मोहम्मद आमान उर्फ अंशू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात जब वो घर के बाहर फोन पर बात कर रहे थे, तभी दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाश आए और अचानक पीछे से हमला कर दिया। जिससे पीड़ित युवक जमीन पर गिर गया। पीड़ित ने बताया कि वो उठने की कोशिश कर ही रहा था कि इतने में बदमाशों ने उनपर बम से हमला कर दिया।

घटना कैमरे में कैद, वीडियो हुआ वायरल
इस हमले में पीड़ित के कंधे पर गंभीर चोट आई। लेकिन बदमाश यही नहीं रुके और इसके बाद दूसरे बदमाश ने भी बम से हमला कर दिया। पीड़ित अपने ऊपर हुए इस हमले से पूरी तरह हैरान था। इससे पहले की वो कुछ समझ पाता बदमाश अपनी बाइक पर मौके से फरार हो गए। वहीं ये घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ससुरालियों पर लगाया आरोप
पीड़ित मोहम्मद अमान ने बताया कि एक बदमाश ने तमंचे से फायर भी किया था। वहीं, पीड़ित ने ससुराल वालों पर हमले का शक जाहिर किया है। पीड़ित ने बताया है कि उसको पहले भी ससुराल वालों ने धमकी दी है और कई बार हमला करने की कोशिश भी की गई है। आरोप यह भी है कि पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा चुकी है, जिसकी लिखित शिकायत उसने पुलिस उपायुक्त से की थी। उधर, करेली थाना प्रभारी ने बताया कि CCTV फुटेज की मदद से अज्ञात हमलावरों की पहचान की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications