ट्विटर पर 'SHO से पीड़ित' नाम से बनाया अकाउंट, डिस्क्रिप्शन में लिखा- न्याय मांगने आएं, पुलिस बना देगी अपराधी
UP Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में एक अनजान शख्स द्वारा ट्विटर पर 'SHO से पीड़ित' नाम से अकाउंट बनाया गया है। उसने डिस्क्रिप्शन में लिखा है कि ‘एक बार हंडिया न्याय मांगने आइए खुद अपराधी बना देगी पुलिस’
UP Prayagraj News: यूपी के प्रयागराज जनपद में एक अज्ञात शख्स द्वारा 'एसएचओ हंडिया धर्मेंद्र कुमार दुबे के द्वारा पीड़ित' नाम से अकाउंट बनाया गया है। इसी साल जनवरी में बनाए गए इस अकाउंट से अबतक 1221 ट्वीट किए जा चुके हैं। अकाउंट को साढे़ तीन सौ से अधिक लोग फॉलो कर रहे हैं।
वहीं, अकाउंट के डिस्क्रिप्शन में लिखा है कि 'एक बार हंडिया न्याय मांगने आएगा तो पुलिस खुद ही दोषी बना देगी।' अकाउंट में विशेष रूप से केवल एक SHO के खिलाफ अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में यह ग्रुप प्रयागराज में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस अकाउंट से लगातार पुलिस के खिलाफ फोटो, वीडियो तथा शिकायती पत्र और कई पोस्ट किए गए हैं। एक वीडियो में कुछ लोग हथियारों के साथ गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा अकाउंट से कई तस्वीरें और ऑडियो भी पोस्ट किए गए हैं।
इन शिकायतों में एक शिकायती पत्र हंडिया थाने के मिदिउरा गांव के महेश चंद्र पांडे से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पिछले साल नवंबर में बच्चों के झगड़े की शिकायत करने गए उनके भाई दिनेश चंद पांडे पर हमला किया गया था।
यह भी कहा जा रहा है कि तहरीर देने के तीन दिन बाद पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था और दूसरी तरफ शिकायत लिखने के एक मिनट के भीतर ही पीड़ित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इसके बाद हिस्ट्रीशीटर आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और पुलिस समझौते का दबाव बना रही है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर उसे झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दे रहा है। वहीं, प्रयागराज के हंडिया थाने की पुलिस की ओर से ट्विटर पर बनाए गए ऐसे किसी अकाउंट को लेकर अनभिज्ञता जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications