Prayagraj: नागपंचमी पर शिवमंदिर जा रहे 11वीं के 2 छात्रों को कार ने रौंदा, इलाज के दौरान दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुए एक दुखद हादसे में 11वीं के दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र नागपंचमी के अवसर पर बाइक से शिवमंदिर में रुद्राभिषेक करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक तेज रफ़्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया है।
बता दें कि कौशांबी जिले का जमुना गांव निवासी 18 वर्षीय अनूप पांडेय पुत्र राघव राम पांडेय और कौशांबी का ही पुरामुफ्ती निवासी 17 वर्षीय अश्वनी शुक्ला पुत्र संजय शुक्ला, दोनों फलाहारी आश्रम में रहकर पढाई कर रहे थे। वे श्री सच्चा बाबा संस्कृत विद्यालय में 11वीं के छात्र थे। सोमवार सुबह दोनों नागपंचमी के अवसर पर शूलटंकेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक करने जा रहे थे। तभी अरैल तटबंध मार्ग पर मंदिर से थोड़ा पहले एक काले रंग की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी दोनों कई मीटर दूर उछाल कर गिरे। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान अनूप और अश्वनी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को कार सहित पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र यादव का कहना है कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications