MP के मुरैना में हुए सड़क हादसे में UP के 4 पुलिसकर्मियों की मौत, CM योगी ने जताया दुख
अलीगढ़, 06 अक्टूबर: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में अलीगढ़ के चार पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें एक दरोगा और दो सिपाही शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना में प्रदेश पुलिस कर्मियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही, अपने अधिकारियों को एमपी सरकार के अधिकारियों से समन्वय कर घायल पुलिसकर्मी के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा हादसे में दिवंगत पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद तक लाने की व्यवस्था कराए जाने और सभी प्रभावितों को अनुमन्य सहायता राशि प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।

खड़े डंपर में जा घुसी पुलिस की जीप
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ के थाना इगलास की पुलिस टीम अपराधियों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश के मुरैना जा रही थी, तभी पुलिस की गाड़ी खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल पवन कुमार की मौत हो गई। दो घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां एक ने दम तोड़ दिया। पुलिसकर्मियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद अलीगढ़ लाया जाएगा।
ट्रक चालक मौके से फरार
एसपी ग्रामीण शुभम पटेल ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए थाना इगलास से एक टीम रवाना हुई थी। आगरा से सटे मुरैना जिले में बुधवार की सुबह हुए सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में अलीगढ़ पुलिस मृतकों के साथ खड़ी है। बता दें, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में दिवंगत पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद तक लाने की व्यवस्था कराए जाने और सभी प्रभावितों को अनुमन्य सहायता राशि प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications