Aligarh News: इंदौर की 'सोनम' जैसी साजिश, अलीगढ़ की 'ललिता' ने प्रेमी संग मिलकर पति को मार डाला
Aligarh News: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में पत्नी सोनम द्वारा प्रेमी संग साजिश रचकर हत्या कराने की कहानी अभी थमी भी नहीं थी कि यूपी के अलीगढ़ से एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आ गया है। यहां भी पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर वैसी ही साजिश रच डाली।
पूरा मामला अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र के नगला हिमाचल गांव का है। जहां 30 वर्षीय ड्राइवर ऋषिपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी पत्नी ललिता और चचेरे देवर नीरेश के बीच प्रेम संबंध थे। जब पति ने विरोध किया, तो उसे रास्ते से हटा दिया गया।

शव गांव के मुख्य रास्ते पर अर्धनग्न हालत में मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पहले तो पत्नी ने गांव के तीन अन्य लोगों पर शक जताया, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई पूछताछ में कहानी ने अचानक करवट ले ली।
प्रेम में बाधा बना पति, बन गई मौत की वजह
ललिता और नीरेश के बीच काफी समय से संबंध थे। जब ऋषिपाल को इस अवैध रिश्ते की भनक लगी तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। यह विरोध ही दोनों को नागवार गुजरा और फिर प्रेम को बचाने के लिए पति को ही खत्म करने की योजना बन गई।
घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। ललिता नाराज़ होकर बुआ के घर चली गई। ऋषिपाल जब उसे बुलाने गया, तो उसने आने से इनकार कर दिया। यहीं पर ललिता और नीरेश ने मिलकर हत्या का प्लान फाइनल कर दिया।
भाईचारे की आड़ में रची गई साजिश
नीरेश, ऋषि का चचेरा भाई होने के नाते अक्सर उसके साथ उठता-बैठता था। उसी नजदीकी का फायदा उठाकर वह उसे बाहर घुमाने के बहाने ले गया। दोनों ने साथ में शराब पी। लेकिन लौटते समय नीरेश ने ही तमंचे से ऋषि को गोली मार दी।
हत्या के बाद शव को गांव के मुख्य रास्ते पर छोड़कर फरार हो गया। सुबह जब शव मिला, तो पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया। पुलिस ने पहले मामले को अलग दिशा में जांचा, लेकिन ललिता की कहानी में दरारें सामने आने लगीं।
सख्त पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म
ललिता द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में जब पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ की, तो कई विरोधाभास सामने आए। संदेह गहराते ही पुलिस ने ललिता से सख्ती से पूछताछ की। अंततः वह टूट गई और हत्या की साजिश स्वीकार कर ली।
एसपी देहात अमृत जैन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया। ललिता और नीरेश दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया।
गांव में इस घटना को लेकर शोक और हैरानी दोनों है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि एक पत्नी अपने ही पति की हत्या अपने देवर से मिलकर कर दी। किसी को अंदाजा नहीं था कि वो इतना बड़ा कदम उठा लेगी।












Click it and Unblock the Notifications