पति का शव देख पत्नी ने भी छोड़ी दुनिया, 80 साल पहले हुई शादी, 70 वर्षीय बेटे ने दी चिता को मुखाग्नि
अजमेर, 26 अप्रैल। राजस्थान के अजमेर जिले के श्रीनगर कस्बे के गांव कालेड़ी में पति पत्नी ने दुनिया से एक साथ विदाई ली। दोनों का एक साथ ही अंतिम संस्कार किया गया। 105 वर्षीय पति का शव देखकर 101 वर्षीय पत्नी ने भी दुनिया छोड़ दी। हर तरफ इस जोड़े की इस तरह से एक साथ विदा होने की चर्चा हो रही है।

शुक्रवार को दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले कालड़ी गांव में दोनों की गाजे बाजे से अंतिम यात्रा निकाली गई। बैकुंठी को माला और गुब्बारों से सजाया गया। 70 वर्षीय पुत्र शंकर ने माता-पिता को एक ही चिता पर मुखाग्नि दी।
बता दें कि गांव कालेड़ी निवासी भैंरू सिंह रावत और उनकी पत्नी हीरादेवी की शादी 80 साल पहले हुई थी। दोनों में एक दूसरे के प्रति गहरा लगाव थे। ये अपने 70 वर्षीय बेटे शंकर के साथ रहते थे। भैंरूसिंह व हीरादेवी में गहरा लगाव था। हमेशा सादगी से जीने वाला यह जोड़ा खेत में भी साथ ही काम किया करता था। भैंरूसिंह खेती-बाड़ी के काम के बाद गांव में ही परचून की दुकान करने लगे थे।
6 साल पहले भैंरू सिंह को लकवा आ गया था। गुरुवार को शाम 4 बजे अचानक उनका निधन हो गया। पत्नी हीरादेवी पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और वे गुमसुम हो गईंं। पति भैंरू सिंह के निधन के महज पांच घंटे बाद ही हीरादेवी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।
ग्रामीणों ने इसे अटूट प्रेम की मिसाल बताया है। अंतिम यात्रा में कलेड़ी और नाथा खेड़ा सहित आसपास के गांव के ग्रामीण मौजूद रहे। बुजुर्ग दंपति का एक ही दिन देहांत होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications