बाइक की टक्कर से 10 साल की बच्ची की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, अजमेर में हाईवे जाम
अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भीलवाड़ा-जयपुर मार्ग स्थित जुनियां गांव के लोगों ने शनिवार को हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का रोष गांव की 10 साल की बच्ची की सड़क हादसे में मौत की वजह से था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्ची के शव को हाईवे पर रख प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के जाम की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासन भी हरकत में आया। सड़क ग्रामीण सड़क हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का कहना था कि यदि आरोपी अभी नहीं पकड़ा गया तो बाद में पुलिस मामले को ठंडे बस्ते में डाले देगी। जाम की सूचना पर तहसीलदार कपिल शर्मा और उप निरीक्षक रामबिलास मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी समय तक ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला और शव को उठाया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मार्ग खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि मोटरसाइकिल की टक्कर से 10 साल की बच्ची अंजू की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद से ही ग्रामीण आक्रोशित थे।












Click it and Unblock the Notifications