Ajmer: पेपर लीक केस में RPSC कार्यालय के बाहर BJP-पुलिस आमने-सामने, कइयों के सिर फूटे, VIDEO वायरल
राजस्थान में पेपर लीक केस को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेतृत्व में आरपीएससी कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की गई।
अजमेर में मंगलवार को राजस्थान-पुलिस व भाजपा कार्यकर्ता-नेता आमने-सामने हो गए। जमकर बवाल मचा। युवा आक्रोश महाघेराव के तहत बैरिकेट्स लांघी गई। लाठीचार्ज हुआ और कइयों के सिर भी फूट गए।
राजस्थान में वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा समेत कइयों के पेपर लीक केस सामने आ चुके हैं। उनके विरोध में 18 जुलाई को अजमेर में भाजपा ने धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पहले तो सभा की फिर आरपीएससी कार्यालय की ओर कूच किया।

सभा में भाजपा ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार और आरपीएससी प्रबंधन पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद वे आरपीएससी कार्यालय का घेराव करने के लिए निकल पड़े। अजमेर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से आरपीएससी कार्यालय के तीन मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर रखी है।
प्रदर्शनकारियों को नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, अलवर सांसद बाबा बालकनाथ, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची, विधायक भागीरथ चौधरी, वासुदेव देवनानी आदि नेता कर रहे थे। आरपीएससी कार्यालय का घेराव करने जा रहे भाजपा कायर्कर्ताओं-नेताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया।
पुलिस और भाजपा के बीच जमकर बवाल मचा। पुलिस ने प्रदर्शकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। फिर उनको बसों में भरकर धरना स्थल से दूर ले जाकर छोड़ा गया। इधर, राजस्थान भाजपा ने अजमेर की इस घटना को लेकर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने इसे गहलोत सरकारी की दमनकरी नीति बताया।












Click it and Unblock the Notifications