नित्यानंद के पासपोर्ट की समयसीमा खत्म, अब उसके 14 लैपटॉप-मोबाइलों की जांच से खुलेंगे राज!
अहमदाबाद। विदेश भागे विवादास्पद गुरु नित्यानंद की धर-पकड़ के लिए पुलिस उसके अहमदाबाद स्थित आश्रम से बरामद इलेक्ट्रॉनिक्स गेजेट्स की जांच में जुट गई है। आश्रम में चले सर्च ऑपरेशन में एसआईटी (स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) को 43 टैबलेट, 14 लैपटॉप, 4 मोबाइल और पेन ड्राइव आदि कई वस्तुए मिलीं थीं। यह जांच की जा रही कि कौन-कौन इन्हें इस्तेमाल करते थे। अहमदाबाद ग्रामीण डीवायएसी के. टी. कामरिया ने बताया कि बहरहाल रिमांड पर ली गईं 2 साध्वियों प्राणप्रिया और प्रियतत्वा से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नित्यानंद के पासपोर्ट की समयसीमा खत्म हो गई है।' ऐसे में यह संभावना भी हैं कि उसने किसी और देश का पासपोर्ट बनवा लिया हो।

''उसे अब यहां खोजना समय की बर्बादी होगी''
बता दें कि, नित्यानंद के खिलाफ हीरापुर के ओआवेला नित्यानंद आश्रम से कथित रूप से गुम हुई युवतियों और बच्चों को छिपाए रखने के मामले में पिछले दिनों शिकायत दर्ज की गई थी। इन आरोपों में उसके खिलाफ जांच शुरू हुई ही थी कि अहमदाबाद (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक एसवी अंसारी और पुलिस उपाधीक्षक (अहमदाबाद ग्रामीण) के.टी. कामरिया ने कहा कि नित्यानंद तो देश छोड़कर फरार हो चुका है।'
बकौल अंसारी, ''उसे अब यहां खोजना समय की बर्बादी होगी। अगर वो भारत वापस आता है तो हम उसे जरूर गिरफ्तार करेंगे।'

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा- नहीं पता किस देश में है
वहीं, विदेश मंत्रालय प्रवक्ता के रवीश कुमार ने कहा, ''पुलिस ने नित्यानंद के प्रत्यर्पण के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क करने की बात कही है। मगर, नित्यानंद के देश से भागने की फिलहाल पुलिस या गृह मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वह किस देश में है, इसका भी पता नहीं है। हमें उसकी लोकेशन और नागरिकता के बारे में जानकारी जुटानी होगी।''

'विदेश से पकड़कर लाएंगे, कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई'
पत्रकारों ने जब गुजरात पुलिस से नित्यानंद को लेकर सवाल किया तो कहा गया कि नित्यानंद को विदेश से पकड़कर लाएंगे। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। एसपी एस. वी. असारी ने कहा कि फिलहाल हम नित्यानंद की तलाश नहीं कर रहे हैं। पहले हम गिरफ्तार की गईं उन 2 संचालिकाओं से पूछताछ करेंगे, सुबूत जुटाएंगे फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।'

2 संचालिकाओं को 5 दिन की रिमांड पर लिया गया
बकौल एसपी (ग्रामीण) आरवी असारी, ''उसकी 2 विश्वासपात्र हरिणी चेलप्पन उर्फ मां नित्य प्राणप्रिया नंदा (30) और रिद्धि रविकिरण उर्फ मां नित्य प्रियातत्वा नंदा (24) को 5 दिन की रिमांड पर लिया गया है। इन दोनों पर 4 बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखने का आरोप है। अगवा कर बच्चों से चंदा मंगवाने के भी आरोप लगे हैं। जिसकी शिकायत उन बच्चों के परिजनों ने दर्ज कराई हैं।''

बच्चों ने बताया- यातनाएं देकर काम करा रहे थे
इससे पहले बुधवार को पुलिस ने योगिनी सर्वज्ञपीठम आश्रम के 9 और 10 साल के बच्चों से पूछताछ की। तब 2 बच्चों ने बताया कि नित्यानंद के लोगों द्वारा हमें यातना दी जा रही थी और बाल श्रमिक के तौर पर काम करवाया जा रहा था। शहर के ही एक फ्लैट में 10 से ज्यादा दिनों से बंधक बनाकर रखा गया था। अभिभावकों की ओर से दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर आश्रम से मुक्त कराए गए 2 अन्य बच्चों ने भी इसी तरह के आरोप लगाए।

कैरिबियाई देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो के चर्चे
वहीं, मामले में एक अहम क्लू बेंगलुरू की एक युवती का कैरिबियाई देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो में होना है। उस युवती के परिजनों ने बीते दिनों ही हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नित्यानंद और उसके आश्रम से जुड़े लोगों के खिलाफ अपने बच्चों को अगवा करने, बंधक बनाने अथवा बहला-फुसलाकर विदेश ले जाने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने उस युवती से स्काइप के जरिए संपर्क किया। उस युवती ने कहा कि वह सेफ और खुश है। ऐसे में पुलिस का मानना है कि नित्यानंद वहीं उसके पास मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications