अमेरिकी राष्ट्रपति के अहमदाबाद दौरे पर लगी मुहर, 1 लाख लोगों की मौजूदगी में होगा ‘नमस्ते ट्रम्प'
अहमदाबाद. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस महीने पहली बार भारत आएंगे। उनकी यह यात्रा 24-25 फरवरी को प्रस्तावित है, जिसके तहत वह भारत में 3 शहरों का दौरा करेंगे। सबसे पहले वह अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रोड शो करेंगे। उसके बाद दोनों राजनेता नवनिर्मित सरदार पटेल स्टेडियम मोटेरा में 'नमस्ते ट्रंप' इवेंट को संबोधित करेंगे। ट्रंप साबरमती स्थित गांधी आश्रम भी जा सकते हैं। वहीं, उनके स्वागत के लिए, साबरमती रिवरफ्रंट भी सजाया जा रहा है। जहां मेकिंग ऑफ महात्मा और आयरनमैन की झांकी दिखाई जाएंगी।भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गुजरात का गरबा, पंजाब का भांगड़ा, मणिपुरी, कुचिपुड़ी और भारतनाट्यम की प्रस्तुति भी दी जा सकती हैं। जिसमें बॉलीवुड के कलाकार हिस्सा लेंगे।
Recommended Video

इसलिए, ऐतिहासिक होगी डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा
ट्रंप के इस दौरे से कई कीर्तिमान भी बनेंगे। पहला यह कि, गुजरात के इतिहास में पहली बार कोई अमेरिकी राष्ट्रपति यहां की यात्रा कर रहा है। दूसरे, 20 साल बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति आगरा में ताजमहल का दीदार करेगा। तीसरे, ट्रंप खुद भी पहली बार भारत आ रहे हैं। उनकी पत्नी, बेटी और यहां तक कि दामाद भी एक साथ भारत के मेहमान होंगे। अधिकारियों का कहना है कि, ‘केम छो ट्रम्प' एक लाख लोगों की मौजूदगी में आयोजित होगा। उसी दिन मोटेरा के नवनिर्मित स्टेडियम का उद्द्घाटन भी हो सकता है।

पहली बार कोई अमेरिकी राष्ट्रपति आएगा गुजरात
गुजरात के इतिहास में यह पहली बार है कि कोई अमेरिकी राष्ट्रपति यहां का दौरा करेंगे। संवाददाता के अनुसार, उच्च पदस्थ आधिकारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त रूप से रैली करने के बाद अहमदाबाद के मोटेरा में 800 करोड़ रुपये की लागत से बने क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे। संभावना है कि, ‘केम छो ट्रम्प' कार्यक्रम 24 से 28 फरवरी के बीच होगा।

मोदी और ट्रंप दोनों करेंगे सबसे बड़े स्टेडियम का उद्घाटन
गुजरात सीएमओ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औऱ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दोनों ही अहमदाबाद में मोटेरा स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे। इसलिए, राज्य सरकार औऱ बीसीसीआई द्वारा मोटेरा स्टेडियम को सजाने के लिये जोरों पर तैयारियां चल रही हैं।

दिल्ली से आदेश मिले तो जुटे अधिकारी
नई दिल्ली से निर्देश मिलने के बाद, गुजरात के मुख्य सचिव अनिल मुकीम, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव कैलाशनाथन, अहमदाबाद के नगर आयुक्त विजय नेहरा और अन्य अधिकारियों की मेजबान टीम ने क्रिकेट मैदान का निरीक्षण किया और तैयारियों को शुरू करने के लिए वहां एक बैठक भी की। बीसीसीआई के सचिव जय शाह और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के उपाध्यक्ष धनराज नाथवानी भी बैठक में उपस्थित थे। अमित शाह जीसीए के अध्यक्ष हैं।
वहीं, पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया, विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) और वरिष्ठ खुफिया ब्यूरो के अधिकारियों सहित पुलिस अधिकारियों की एक टीम भी सुरक्षा संबंधी निरीक्षण के लिए मोटेरा स्टेडियम पहुंची।

इन देशों के राष्ट्रध्यक्ष भी आ चुके हैं गुजरात
राष्ट्रपति ट्रम्प से पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, जापान के प्रधान मंत्री शिंजो अबे और इजरायल के बेंजामिन नेतन्याहू भी गुजरात आ चुके हैं। इन सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अब यदि ट्रंप अहमदाबाद आते हैं, तो गुजरात पहली बार किसी अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत के लिये यजमान बनेगा।

800 करोड़ की लागत से बना है मोटेरा स्टेडियम
अहमदाबाद में मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम 800 करोड़ रुपये की लागत से बना है। यह क्रिकेट स्टेडियम दुनिया का सबसे बडा स्टेडियम है। यह आॅस्ट्रेलिया के मेलबोर्न स्टेडियम से भी बडा है। भारत में अब तक सबसे बडा स्टेडियम कोलकता का ईडन गार्डन था, जहां दर्शकों की बैठने की क्षमता 62000 सीटों की है, मेलबोर्न में भी सीटों की क्षमता 95000 है, लेकिन मोटेरा स्टेडियम में सीटों की संख्या 1 लाख रखी गई है। मोटेरा स्टेडियम में 3,000 कार और 10,000 दोपहिया वाहनों को पार्क करने जितना क्षेत्र भी है।












Click it and Unblock the Notifications