भरतसिंह सोलंकी बोले- 'कांग्रेस के लिए गुजरात की लड़ाई कठिन, लेकिन नामुमकिन नहीं'
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी का कहना है कि गुजरात में भाजपा कमजोर हो गई है।
नई दिल्ली। 2014 के बाद से ही लगातार चुनावों में हार रही कांग्रेस के लिए अगली बड़ी अग्निपरीक्षा है गुजरात। गुजरात में बीते 25 साल से भारतीय जनता पार्टी का शासन है। इतना ही नहीं यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजनीति का चाणक्य माने जाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का गृह राज्य भी है।

कांग्रेस के लिए गुजरात की लड़ाई आसान नहीं होगी। पार्टी के गुजरात इकाई के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक साक्षात्कार में कहा है कि गुजरात की लड़ाई कांग्रेस के लिए कठिन है लेकिन नामुमकिन नहीं।
यूपी चुनाव का असर गुजरात पर!
यह पूछे जाने पर कि क्या यूपी में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का असर गुजरात चुनावों पर भी पड़ेगा? इस पर सोलंकी ने कहा कि अमूमन, किसी एक राज्य के घटनाक्रमों का असर दूसरे राज्यों में पड़ता है लेकिन यहां अन्तर यह है कि हम भाजपा से आगे हैं। जिला और तालुका के पंचायत चुनाव हमारे पक्ष है और स्थिति भी हमारे पक्ष में रहेगी। सोलंकी के मुताबिक यूपी और उत्तराखंड में मिली हार के चलते कार्यर्ताओं में एक निराशा का माहौल है लेकिन समय रहते इस पर नियंत्रण पा लिया जाएगा।
सोलंकी ने कहा कि जिला और तालुका के पंचायत चुनावों के दौरान भाजपा आत्मविश्वास से बात कर रही थी लेकिन वो क्लीन बोल्ड हो गई। मैं कहना चाहता हूं कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सिर्फ 18 करोड़ रुपए में पंचायत चुनाव लड़े थे लेकिन भाजपा ने 150 करोड़ से ज्यादा खर्च किए थे लेकिन जनता का वोट हमें मिला।
कांग्रेस ने मुखर की अपनी आवाज
सोलंकी ने कहा कि विपक्ष में रहने के लिए दौरान कांग्रेस ने कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे तक पर अपनी आवाज मुखर की। उन्होंने कहा कि हमने ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जिससे हम अनपढ़ युवा को नौकरी दे सकें। अगर वो नौकरी पा सकते तो उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिए जाने का कार्यक्रम शुरु किया जाए। सोलंकी के मुताबिक कांग्रेस महिला और युवा पर केंद्रित है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस 45 से कम उम्र के लोगों को टिकट देगी साथ ही हर लोकसभा क्षेत्र में 1 महिला उम्मीदवार उतारेगी। गुजरात में मुख्यमंत्री के नाम पर सोलंकी ने कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे चाहेगा वो सीएम बनेगा। मैं राज्य में कांग्रेस की सरकार बनान में मदद करुंगा। सोलंकी ने कहा कि जब से मोदी, दिल्ली गए हैं तब से भाजपा की गुजरात इकाई नेतृत्व विहीन है।












Click it and Unblock the Notifications