गुजरात: 2 सरकारी अस्पतालों में 219 नवजातों की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बोले- मुझे इसकी जानकारी नहीं है
राजकोट. राजस्थान में कोटा सिटी के एक अस्पताल में 100 से ज्यादा बच्चों की मौत होने का सिलसिला थमा नहीं, कि गुजरात के भी 2 शहरों में बच्चों की अत्यधिक मौतें होने के मामले सामने आएं हैं। यहां अहमदाबाद एवं राजकोट के सिविल अस्पतालों में बीते महीने कम से कम 219 बच्चों की जान गई। दिसंबर में अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में 85 बच्चों की मौत हुई, तो राजकोट के सिविल अस्पताल में 134 बच्चों का दम टूटा। बच्चों की मौत के बारे में जब मीडिया ने मुख्यमंत्री रूपाणी से सवाल पूछा तो वे जवाब नहीं दे पाए और इग्नोर करके चलते बने।

गुजरात में बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने बच्चों की मौत मामले में मुख्यमंत्री की चुप्पी को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा पर हमला बोल दिया। सुरजेवाला ने कहा, "गुजरात के सीएम विजय रूपाणी खुद ही राजकोट से विधायक हैं और राजकोट के अस्पताल में जनवरी से दिसंबर में 1,235 मासूमों की मौत हुई है। वहीं, अमित शाह गाँधीनगर व अहमदाबाद से सांसद हैं। जहां के सरकारी अस्पताल में सिर्फ 3 महीने में 375 मासूमों की मौत हुई। जब लोग सवाल पूछते हैं तो सीएम भाग खड़े होते हैं। क्या जनता ऐसे मुख्यमंत्री को बर्खास्त करेगी?"

उप मुख्यमंत्री ने कहा- मेरी जानकारी में नहीं ये मामला
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तो बच्चों की मौत पर बयान नहीं दे सके, लेकिन उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भी अनभिज्ञता जाहिर कर दी। मीडिया के सवाल पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल ने कहा, "मुझे इस मुद्दे की जानकारी नहीं है, लेकिन मैं आपको इसकी जांच करने के बाद ही सही बात बता सकता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications