COVID-19 Omicron: अहमदाबाद में 7 मामले, एक ही दिन में 5 नए मरीज मिले, 8 साल की बच्ची समेत सभी महिलाएं
अहमदाबाद। गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में कोरोनावायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन लोगों को शिकार बनाने लगा है। यहां एक ही दिन में 5 नए मरीजों का पता चला है। ये सभी पांचों मरीज महिलाएं हैं और इनमें एक 8 साल की बच्ची शामिल है। इसी के साथ यहां ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या 7 हो गई। वहीं, कोरोना के नए वैरिएंट की गुजरात में एंट्री पर आईएमए प्रमुख डॉ. प्रफुल कमाणी ने चेतावनी दी है।

आईएमए प्रमुख डॉ. प्रफुल कमाणी ने कहा है कि, प्रदेश में फरवरी से कोरोनावायरस की तीसरी लहर शुरु होने का खतरा मंडरा रहा है। डॉ प्रफुल कमाणी का कहना है कि बच्चों में कोरोनावायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। इसके पीछे के कारणों को देखा जाए तो एक कारण यह है कि कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए एन 95 मास्क ही नहीं है। चूंकि बच्चों को पता नहीं रहता कि एक साथ बैठकर नाश्ता नहीं करना चाहिए, स्कूल वैन या बस में एक साथ नहीं बैठना चाहिए। ऐसे में महामारी से बचने के लिए 15 दिन के लिए बच्चों की स्कूल बंद करना बहुत जरूरी है।
राजकोट के एक डॉक्टर ने कहा कि, कोरोनावायरस का नया ओमिक्रॉन वैरिएंट माईल्ड प्रकार का है, लेकिन काफी तेज रफ्तार से एक दूसरे को संक्रमित करता है तथा लंबे समय तक शरीर में सक्रिय रहता है। ऐसे में जबकि बच्चे भी वायरस से संक्रमित होने लगे हैं, तो कक्षा 1 से 5 तक की स्कूल में कम से कम 15 दिन तक बंद रखने का आदेश दिए जाना चाहिए। इस बारे में आईएमए द्वारा सूचित भी किया गया है।

वहीं, सूरत शहर में 170 दिन बाद कोरोनावायरस से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत दर्ज की गई, एक ही दिन में 17 नए मामले सामने आए। एक स्थानीय ने कहा कि, सूरत में संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां बुधवार को 17 मामले सामने आए, जबकि मंगलवार को 12 मामले आए थे। वहीं, 170 दिन बाद फिर एक मरीज की मौत हुई, ये मरीज एक 70 वर्षीय बुजुर्ग था। जो कि दिल की बीमारी से पीड़ित था। 17 दिन तक निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद 15 दिसंबर को उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications