Air India Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद सामने आई बड़ी समस्या, DNA टेस्ट से होगी शवों की शिनाख्त
Ahmedabad Plane Crash DNA Test: अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के क्रैश होने के बाद पूरे शहर में शोक और तनाव का माहौल है। 12 जून की दोपहर हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक 204 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 41 यात्री घायल हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में किया जा रहा है।
शवों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग शुरू
एयर इंडिया विमान में सवार अधिकतर यात्री बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे शवों की पहचान मुश्किल हो गई है। इस स्थिति से निपटने के लिए B.J. मेडिकल कॉलेज अहमदाबाद के कसौटी भवन में DNA सैंपलिंग की व्यवस्था की गई है। पीड़ितों के परिजनों से सैंपल लेकर शवों की पुष्टि की जाएगी।

गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय द्विवेदी ने बताया कि माता-पिता, बच्चे या नजदीकी रिश्तेदार सैंपल देने अस्पताल पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने परिवारों से अपील की है कि वे पहचान प्रक्रिया में सहयोग करें ताकि जल्द से जल्द अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा सके।

घायलों की स्थिति स्थिर, हेल्पलाइन नंबर जारी
वहीं दूसरी ओर 50 से अधिक घायलों का इलाज अहमदाबाद सिविल अस्पताल में जारी है। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों की सहायता के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि घायल यात्रियों की स्थिति के बारे में सूचना मिल सके। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश की हालत स्थिर है।
कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे विमान
हादसे के वक्त विमान को कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे, जो एक अनुभवी पायलट थे और उनके पास 8200 घंटे उड़ान का अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी मौजूद थे। हादसे के बाद दिल्ली-अहमदाबाद की सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।
विदेशी यात्रियों में ब्रिटेन, कनाडा और पुर्तगाल के नागरिक भी शामिल
एयर इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक थे। मरने वालों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी शामिल हैं। वे अहमदाबाद से लंदन जा रहे थे।
मेडिकल स्टूडेंट्स भी चपेट में, 3 की मौत
B.J. मेडिकल कॉलेज के पास क्रैश हुए विमान से रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल को भारी नुकसान हुआ है। IMA गुजरात अध्यक्ष डॉ. मेहुल शाह के अनुसार, हादसे में तीन MBBS छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 छात्र घायल हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications