पति के मोबाइल पर आया मैसेज-पार्किंग में मिलना, पत्नी ने एक्टिवा से पीछा कर सिखाया सबक
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने पति के फोन पर आए एक मैसेज को पढ़ने के बाद उसका पीछा किया और प्रेमिका के साथ रंगेहाथों पकड़ लिया। फिर क्या था पत्नी ने प्रेमिका को गाड़ी से खींचकर नीचे उतारा और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हंगामा होते देख लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

शक होने पर रखने लगी नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला आगरा जिले के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र का है। बता दें कि न्यू आगरा क्षेत्र के एक व्यापारी की शादी को 10 साल हो चुके हैं। पिछले दिनों उनकी दोस्ती फेसबुक पर एक युवती से हो गई। दोनों व्हाट्सएप पर चैटिंग करने लगे। कुछ दिन पहले महिला को अपने पति पर शक हुआ तो वह अपने पति पर नजर रखने लगी।

मैसेज में लिखा था- पार्किंग में मिलना
सोमवार को व्यापारी नहा रहा था, तभी फोन पर युवती का मैसेज आया। पत्नी ने मैसेज पढ़ लिया। उसमें लिखा था कि पार्किंग में मिलना। मैसेज पढ़ने के बाद व्यापारी कार लेकर निकल गया। पत्नी भी एक्टिवा से पीछा करने लगी। बता दें कि पत्नी ने कई किमी पीछा कर शाहदरा पर कार के आगे एक्टिवा लगाकर उसे रोक लिया।

महिला ने किया हंगामा
महिला ने अपने पति की प्रेमिका को कार से खींचकर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर हंगामा होते देख लोगों की भीड़ जुट गई और एत्माद्दौला थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मगर, पति-पत्नी घर का मामला बताकर चले गए। वहीं महिला भी बिना शिकायत के चली गईं। पुलिस की मानें तो अगर मामले को तहरीर किसी की तरफ से मिलती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications