UP News: आगरा में 3 जूता कारोबारियों के पास मिला 'नोटों का बिस्तर', गिनती करते-करते जवाब दे गई मशीन
UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में जूता कारोबारी की ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी के दौरान भारी रकम मिलने की भी सूचना मिली है। बीते दिन छापेमारी करने के बाद जो रुपए बरामद किए गए थे उनकी गिनती अभी जारी है।
बताया जा रहा है कि सुबह तक करीब 60 करोड रुपए की गिनती पूरी हो गई थी। इतने रुपए मिले हैं कि उनकी गिनती करते-करते रुपए गिनने वाली मशीन गर्म हो गई। ऐसे में अधिकारियों को रुपए गिनने के लिए मशीन को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा।

संभावना जताई जा रही है कि 100 करोड़ से अधिक की रकम बरामद हुई है। हालांकि अभी तक आयकर टीम द्वारा इस मामले में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। रुपए की गिनती करने के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा बैंक से रुपयों की गिनती करने वाली 10 मशीन मंगाई गई हैं।
नोटों का बना लिए थे बिस्तर: दरअसल टैक्स चोरी का इनपुट मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम ने शनिवार को आगरा जनपद के तीन कारोबारी के घर और ऑफिस सहित छह ठिकानों पर छापेमारी की थी। शनिवार को आयकर विभाग की टीम एमजी रोड पर स्थित बीके शूज के अलावा मंशु फुटवियर और हरमिलाप ट्रेडर्स के यहां एक साथ छापेमारी की गई।
आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी करने की जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। उसके बाद टीम द्वारा जब जांच पड़ताल की गई तो बताया जा रहा है कि कारोबारियों के घर में नोटों का बिस्तर बरामद किया गया। इसका एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वायरल फोटो में दिखाई दे रहा है कि बिस्तर पर नोटों की गड्डियां रखी गई है। इसके अलावा नीचे भी रखे गए बैग नोटों से भरे हुए हैं। आयकर विभाग की टीम द्वारा इतनी मात्रा में रकम बरामद करने के बाद इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए मशीन मंगा कर नोटों की गिनती शुरू कर दी गई। शनिवार शाम से नोटों की गिनती शुरू की गई और रविवार तक गिनती जारी रही।
छापेमारी में 30 से ज्यादा लोग शामिल: बताया जा रहा है कि इनपुट मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम द्वारा तीनों कारोबारी के छह ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके लिए आगरा के अलावा कानपुर और लखनऊ से भी आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को टीम में शामिल किया गया था।
छापामारी के दौरान आयकर टीम द्वारा कारोबारियों का लैपटॉप, कंप्यूटर और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। दुकान पर रखे स्टॉक रजिस्टर और रसीद व बिल आदि की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इतनी बड़ी रकम मिलने से हड़कंप मचा है।












Click it and Unblock the Notifications