आगरा: हॉस्पिटल में बिना डॉक्टर के किया गर्भवती का ऑपरेशन, महिला की मौत
Agra news, आगरा। ताजनगरी आगरा में गर्भवती महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि बिना डॉक्टर के हॉस्पिटल में अनट्रेंड स्टाफ ने ऑपरेशन किया था। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल को सील कर दिया है। वहीं, पुलिस ने भी हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ मुकदमा लिख कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
मामला थाना सिकंदरा बोदला मार्ग स्थित श्री बांके बिहारी जी हॉस्पिटल का है। हॉस्पिटल में सिकंदरा निवासी कन्हैया ने अपनी पत्नी राधा को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया था। परिजनों ने बताया कि एक नर्स के कहने पर वो महिला को यहां लेकर आए थे। ऑपरेशन के बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। इस पर ऑपरेशन करने वाले कम्पाउंडरों के होश उड़ गए। कम्पाउंडरों ने डॉक्टर को फोन किया, लेकिन कोई डॉक्टर इस हॉस्पिटल में आने के लिए राजी नहीं हुआ। परिजनों ने बताया कि ये हॉस्पीटल सील हो गया है। इसकी जानकारी उन्हें बाद में हुई, इसीलिए यहां कोई डॉक्टर नहीं आना चाह रहा था।

परिजनों ने किया हंगामा
राधा की मौत के बाद परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा करना शुरू कर दिया। यह देख कम्पाउंडर वहां से भाग निकले और परिजनों ने सिकंदरा बोदला मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने से रोड का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications