Agra News: धमकी भरे मेल के एक दिन बाद ताजमहल के पास फायरिंग, CCTV से संदिग्धों की तलाश
Agra news: उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ताजमहल के पास फायरिंग की आवाजें गूंज उठीं। घटना अमरूद टीला क्षेत्र की बैरिकेडिंग के पास हुई, जो ताजमहल के पश्चिमी गेट के नजदीक है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। दोनों युवक मौके से भाग निकले और अब तक फरार हैं।

फायरिंग की यह घटना ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले ही आगरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।
ताजमहल के 500 मीटर दायरे में हुई घटना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक मथुरा नंबर की बाइक पर सवार थे और ताजमहल के 500 मीटर के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। यह वह इलाका है जहां वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
गोलियों की आवाज के बाद आसपास के लोग सहम गए। तुरंत सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और जांच शुरू हो चुकी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी हैं। जांच टीमों को आसपास के मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था या फिर डर पैदा करने की कोशिश। लेकिन लगातार दोनों संभावनाओं की जांच की जा रही है।
धमकी भरे मेल से मचा था पहले से हड़कंप
रविवार को आगरा एयरपोर्ट को एक ईमेल मिला था, जिसमें उसे विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में लिखा गया था कि एयरपोर्ट के चारों ओर विस्फोटक बैग रखे गए हैं और उसे तुरंत खाली किया जाए।
धमकी देने वाले मेल की आईडी [email protected] बताई गई है। इस मेल में 'रोडकिल' और 'क्यो' नाम के आतंकी संगठनों ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
एयरपोर्ट की मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुकीर्ति निगम ने शाहगंज थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। ईमेल में लिखा गया था कि अगर एयरपोर्ट खाली नहीं किया गया, तो वहां मौजूद लोगों की जान को खतरा है।
मेल में धमकी दी गई थी कि अंदर मौजूद लोग अपने हाथ, पैर या सिर तक गंवा सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लेते हुए पूरी तरह जांच शुरू कर दी थी और एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
केवल आगरा ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हवाई अड्डों को भी इसी तरह के धमकी भरे मेल भेजे गए हैं। इसके चलते पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications