मिस्र में मुस्लिम ब्रदरहुड के 36 सदस्यों की मौत, जांच की मांग
काहिरा। मिस्र में मुस्लिम ब्रदरहुड के कम से कम 36 सदस्य उस वक्त मारे गए, जब जेल ले जाते समय इन सभी ने भागने की कोशिश की, और सुरक्षा बलों को गोलीबारी करनी पड़ी। दूसरी ओर मुस्लिम ब्रदरहुड ने आरोप लगाया कि उसके सदस्यों को साजिश के तहत मारा गया है, और उसने घटना की अंतर्राष्ट्रीय जांच की मांग की है। मुस्लिम ब्रदहुड के बंदी सदस्यों को रविवार को काहिरा के समीप अबू जबाल जेल ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान आतंकवादियों ने पुलिस के वाहनों को रोक कर उसपर हमला कर दिया। पुलिस के वाहनों में करीब 600 कैदी सवार थे। वाहनों के जेल में प्रवेश करने से पहले ही यह संघर्ष हुआ। इस दौरान ब्रदरहुड के बंदियों ने भागने की कोशिश की। इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे। कुछ कैदियों की मौत दम घुटने से हुई, जबकि कई गोलीबारी में मारे गए।

अलजजीरा के अनुसार ब्रदरहुड ने एक बयान में आरोप लगाया है कि उसके सदस्यों को साजिश के तहत मारा गया है। बयान में कहा गया है कि "इस घटना के लिए अब्देल फतह अल सीसी (सेना प्रमुख) और आंतरिक मंत्री मुहम्मद इब्राहिम कामेल पूरी तरह जिम्मेदार हैं।" बयान में इस घटना की एक अंतर्राष्ट्रीय जांच की मांग की गई है। शनिवार को अल फतह मस्जिद को खाली कराने को लेकर हुए संघर्ष के बाद 600 लोगों को 15 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया था। इस घटना में 79 लोगों की मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications