भारत ने दी चेतावनी, शरीफ की शांति की अपील
नई दिल्ली/इस्लामाबाद| भारत के रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर में पांच भारतीय जवानों की हत्या की और चेतावनी दी कि भारत की सहनशीलता को वह हल्के में न ले। करीब-करीब प्रत्युत्तर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 'जवानों की जान जाने' पर 'दुख' जताया और सीमा पर शांति बहाली के लिए 'असरदार कदम' उठाने का आह्वान किया।
एंटनी ने गुरुवार को संसद में दिए गए बयान में कहा कि दो दिन पहले जम्मू एवं कश्मीर में हुए हमले और पांच भारतीय सैनिकों की हत्या में पाकिस्तान के विशेष रूप से प्रशिक्षित सैनिक शामिल थे। एंटनी के इस बयान के बाद विपक्ष की नाराजगी दूर हो गई।

इससे पहले के बयान को लेकर एंटनी विपक्ष के निशाने पर थे। उन्होंने पहले कहा था कि हमला भारी हथियारों से लैस 20 लोगों ने किया जिसमें पाकिस्तानी सेना की वर्दी में भी कुछ लोग थे।
एंटनी ने कहा कि सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह द्वारा मौके का जायजा लेने के बाद स्पष्ट हो गया कि हमला पाकिस्तान के सैनिकों ने किया है।
एंटनी ने अपने बयान में कहा, "सेनाध्यक्ष ने इलाके का भ्रमण किया और अब यह साफ है कि जब एक समूह ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की सीमा पार करके हमला किया तो उसमें पाकिस्तान के विशेष प्रशिक्षित सैनिक शामिल थे।"
एंटनी ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की सेना के समर्थन, सहयोग और सीधे शामिल हुए बगैर कुछ भी नहीं हो सकता है।
एंटनी का बयान आने के बाद लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने उन्हें धन्यवाद दिया।
रक्षा मंत्री का बयान खत्म होने के बाद स्वराज ने कहा, "अपना बयान दुरुस्त करने के लिए मैं रक्षा मंत्री के प्रति आभार प्रकट करती हूं। हम राजनीति करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। मैं खुश हूं कि उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली। मेहरबानी कर यह सुनिश्चित कीजिए कि यह दोबारा नहीं हो।"
एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान न केवल इस हमले के वरन इस वर्ष के शुरू में हुए एक अन्य हमले के दोषियों को भी दंडित करे। उस समय हुए हमले के दौरान एक भारतीय जवान का सिर काट लिया गया था और दूसरे के शव को क्षत-विक्षत किया गया था।
उन्होंने कहा, "जो भी इस त्रासदी के लिए और वर्ष के शुरू में हमारे दो सैनिकों की क्रूर हत्या के लिए जिम्मेदार हैं, बिना दंड के छूटने नहीं चाहिए।"
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं का दोनों देशों के संबंधों पर असर पड़ेगा।
एंटनी ने कहा, "निश्चय ही इस घटना का नियंत्रण रेखा पर हमारे व्यवहार पर असर होगा और पाकिस्तान के साथ संबंध प्रभावित होंगे।"
उधर इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से कहा है कि वे नियंत्रण रेखा पर भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच हुई झड़प की घटनाओं से दुखी हैं।
विदेश मंत्रालय के एक बयान में उनके हवाले से कहा गया है, "प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत और पािकस्तान दोनों के लिए नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
