मूसलाधार बारिश से बेहाल एमपी, कई गांव टापू में तब्दील
भोपाल। मध्य प्रदेश में जारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ है, वहीं कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश का सिलसिला बना हुआ है। इसके चलते नदी नाले उफान पर हैं। राज्य की नर्मदा, बेतवा, शिवना, धसान नदियां उफान पर हैं, और वे खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। इन नदियों के किनारे बसे गांवों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
रतलाम जिले में हुई बारिश से दो जिलों में दो तालाबों के फूट जाने से लगभग सौ मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसी तरह नीमच जिले मे हुई बारिश से कंजार्डा गांव के दोनों ओर के नाले उफान पर हैं और यह गांव टापू में तब्दील हो गया है। उज्जैन जिले में बारिश का दौर जारी है, जिससे बालौदा कोरन, अजडावदा व कल्याणपुरा में पानी भर गया है और इन गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
महाकौशल क्षेत्र में भी मानसूनी बारिश का क्रम जारी है। इस बारिश के चलते केवलारी-उगली मार्ग बह जाने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। इसी तरह बालाघाट में मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के बीच सड़क संपर्क बाधित है। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी भोपाल में 68.4, इंदौर में 12, ग्वालियर में 21 और जबलपुर में 25 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। वही मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 24 घंटों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश में जारी बारिश
मध्य प्रदेश में जारी बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्यियस, इंदौर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्यियस, ग्वायिलर का अधिकतम तापमान 31.8 व न्यूनतम 26.3 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया है।

उत्तर प्रदेश: बादल छाए हुए हैं
उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड इलाके के बांदा व आस-पास के जिलों में रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर जिलों में रविवार सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं। रुक-रुक कर लगातार हो बारिश के बीच किसान धान की पौध रोपाई में जुटे हैं।

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश
लगातार हो रही बारिश से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जनजीवन बेहाल हो चुका है। राजनांदगांव, अंबिकापुर, बलरामपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर सहित बेमेतरा, कवर्धा आदि आदि क्षेत्रों में जबरदस्त बारिश हो रही है। सरकारी आफिस से लेकर स्कूलों में प्रदेश के कई जिलों में छुट्टियां दे दी गई है। लगातार हो रही बारिश से रायपुर कवर्धा मार्ग बंद होने के कगार पर है। एनएच-12 के बीच बने पुल पर शिवनाथ का पानी भरने लगा है, जिससे यह मार्ग बाधित हो जाएगा। आवागमन की स्थिति खतरनाक हो सकती है। लगातार बारिश से शिवनाथ का जलस्तर बढ़ चुका है। बेमेतरा के पास अमोरा नदी पर पुल भी बंद होने के कगार पर है।

दिल्ली में मौसम गर्म, बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया किया गया जो कि औसत से एक डिग्री कम था। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "आकाश में आशिंक रूप से बादल छाए रहेंगें। शहर के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।"

बिहार में बारिश, तापमान में गिरावट
पटना सहित बिहार में पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं शनिवार को भी राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए हुए हैं। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गया का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस जबकि पूर्णिया का 25.8 डिग्री और भागलपुर का 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications