श्रीप्रकाश की राह पर दिग्विजय तभी तो कहा 'टंच माल'
मंदसौर। दिग्विजय सिंह ने सांसद मीनाक्षी नटराजन पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि वो टंच माल हैं। इस टिप्पणी के आते ही देश भर में दिग्गी राजा के खिलाफ महिलाओं ने भड़ास निकालनी शुरू कर दी। तमाम राजनीतिक पार्टियों ने भी विरोध दर्ज कराया। लेकिन सच पूछिए तो कांग्रेस में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने भी महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी।
दिग्विजय ने कहा, " 'मैं अंत में आपसे इतना ही कहूंगा मीनाक्षी नटराजनजी आपकी लोकसभा की सदस्य हैं। गांधीवादी हैं, सरल हैं, ईमानदार हैं, सबके पास जाती हैं, गांव-गांव जाती हैं। मैं अभी कल से इनके इलाके में देख रहा हूं, मुझे भी 40-42 साल का अनुभव है। मैं भी पुराना जौहरी हूं। राजनीतिज्ञों को थोड़ी सी बात में पता पड़ जाता है कि कौन फर्जी है और कौन सही है। ये '100 टका टंच माल' हैं, और गरीबों की लड़ाई लड़ती हैं।"
दिग्विजय सिंह की इस टिप्पणी पर ट्विटर पर लोगों ने जमकर भड़ास निकाली। डा. रोशन आर ने लिखा कि कांग्रेस में अगर दम है और वो वाकई में महिला का सम्मान करती है तो दिग्विजय के बोलने पर प्रतिबंध लगा देना चाहिये। वहीं बैंगलोर के समाजसेवी श्रीनिवासन आर ने कहा कि ऐसी बातें कहकर नेता कुछ नहीं सिर्फ अपनी मानसिकता को दर्शा देते हैं और वही दिग्विजय ने किया।
खैर हम आपको बता दें कि कांग्रेस में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले कानपुर में एक सभा में केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा था कि औरत जब पुरानी हो जाती है तो उसका मजा खत्म हो जाता है। इस पर काफी बवाल हुआ था, लेकिन फिर भी कांग्रेस आलाकमान ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उसी प्रकार इस बार भी दिग्विजय के खिलाफ कोई कार्रवाई होना मुश्किल है।













Click it and Unblock the Notifications