दिल्ली पुलिस की लापरवाही से बदनाम हुई 10वीं का छात्रा
नयी दिल्ली (ब्यूरो) विद यू, फॉर यू, ऑलवेज (With you, For you, Always) का दावा करने वाली दिल्ली पुलिस के दामन पर वैसे तो कई दाग लगे हैं मगर इस बार पुलिस की जो लापरवाही सामने आई है उसने एक छात्रा को बदनाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की लापरवाही ने छात्रा और उसके परिवार वालों का जीना दूभर कर दिया है। मामला पश्चिमी दिल्ली के मुंडका थाने का है। यहां रहने वाली 10वीं की छात्रा बीते 13 मई को अचानक गायब हो गई। परेशान परिजनों ने इस संबंध में मुंडका थाने को सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
ठीक 3 दिन बाद यानी कि 16 मई को लड़की वापस लौट आई। पता चला कि वह पड़ोसी के परिवार के साथ शादी में चली गई थी। परिवार वालों ने इस बात की सूचना मुंडका थाने में दी जिसके बाद अगले दिन छात्रा और उसके परिवार वालों को पुलिस तीस हजारी कोर्ट ले गई। सुनवाई और बयान दर्ज करने के बाद कोर्ट के आदेश पर पूरा मामला खत्म कर दिया गया। सबकुछ सही चल रहा था मगर अचानक 2 माह बाद यानी कि 11 जुलाई को एक बड़े दैनिक हिंदी समाचार पत्र को देखकर पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

इस अखबार में उनकी बेटी की तस्वीर के साथ-साथ पूरे परिवार की जानकारी थी जिसमें छात्रा को गुमशुदा बताते हुए मुंडका थाना प्रभारी द्वारा उसके बारे में सूचना मांगी गयी थी। छात्रा के पिता का कहना है कि केस कोर्ट में खत्म हो गया था और अब अखबार में छपा है कि वो गुमशुदा है। छात्रा के पिता का कहना है कि स्कूल के लोग व रिश्तेदारों ने फोन करके पूछना शुरु कर दिया है। उनका कहना है कि दोषी पुलिसवालों पर कड़ी कार्रवाई हो। दिल्ली पुलिस के लापरवाह रवैये के चलते एक लड़की और उसका पूरा परिवार बदनाम हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications