नेलसन मंडेला की हालत नाजुक, परिवार ने बुलाई मीटिंग
जोहांसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति 94 वर्षीय नेल्सन मंडेला की तबियत में सुधार होता नहीं दिख रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत पिछले 24 घंटे से गंभीर बनी हुई है। यह जानकारी राष्ट्रपति जेकब जुमा ने एक वक्तव्य जारी करते हुए दी। उधर मंडेला के परिवार ने अन्य रिश्तेदारों को बुला लिया है।
राष्ट्रपति कार्यालय से जारी सूचना के मुताबिक मंडेला की हालत पिछले 24 घंटे से नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर उन्हें बचाने के हर संभव प्रयासों में जुटे हुए हैं। राष्ट्रपति जुमा ने कहा कि देश के सर्वश्रेष्ठ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। सोमवार को जुमा ने अस्पताल पहुंच कर मंडेला की पत्नी ग्रासा मशेल से भी मुलाकात की। वहीं मंडेला की बड़ी बेटी मकाजीवे ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अर्जेंट मीटिाग बुलायी और मंडेला के बारे में चर्चा की। यह मीटिंग केप प्रोविंस के कुनु गांव में बुलायी गई। यह वो जगह है, जहां पर मंडेला ने अपने बचपन के दिन बिताये थे।

क्यों खास हैं मंडेला
दक्षिण अफ्रीका में लोकतंत्र लाने के लिये नेलसन मंडेला ने जो संघर्ष किया, वह शायद ही कोई भुला पायेगा। मंडेला ने 27 साल जेल में काटे, जब गोरों का राज यहां हुआ करता था। 1990 में उन्हें रिहा किया गया, तब उन्होंने देश से गोरे-काले का भेदभाव मिटाने की दिशा में जबर्दस्त प्रयास किये। उनका यह संघर्ष तब कामयाब हुआ जब 1994 में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव जीता और देश के पहले काले राष्ट्रपति बने। तभी से दक्षिण अफ्रीका में नस्लीय भेद-भाव समाप्त हुआ। बाद में मंडेला को नोबेल शांति पुरस्कार से भी नवाजा गया।
मंडेला की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही है। 8 जून को तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वो इस समय प्रिटोरिया अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें देखने वालों का तांता लगा हुआ है। राष्ट्रपति जेकब जुमा ने दुनिया भर के लोगों से अपील की है कि शांति के इस दूत के स्वस्थ्य होने की प्रार्थना करें।












Click it and Unblock the Notifications