दिग्विजय बोले केंद्र के पैजामे में नारा डालती है एमपी सरकार
धार। कांग्रेस के महासचिव व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अब मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ जहर उगला है। उन्होंने कहा कि पैजामा केंद्र सरकार का है और उसमें नाड़ा मध्य प्रदेश सरकार डाल रही है। यहां पैजामा है केंद्र की योजना, और नाड़ा एमपी की नई घोषणा।
असल में एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक रुपये किलो गेहूं और दो रुपये किलो चावल देने की घोषणा की, इस पर दिग्विजय सिंह ने यह तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे में शामिल होने धार के मोहनखेडा में आए सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि एक किलो गेहूं में केद्र सरकार 18 रुपये का अनुदान देती है वहीं चावल में प्रति किलो 22 रुपये का अनुदान दिया जाता है। यह राज्य सरकार नहीं बताती।

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि गरीबों को सस्ती दर पर खाद्यान्न देने के लिए चार हजार करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। मात्र एक रुपये का अनुदान देकर राज्य सरकार वाहवाही लूटने की कोशिश कर रही है। यह तो वही हुआ पैजामा बनवाए केंद्र सरकार और उसमें नाड़ा डाले राज्य सरकार। कांग्रेस के भीतर व्याप्त गुटबाजी पर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक साथ और एकजुट होकर काम करना चाहते है। कहीं गुटबाजी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इस प्रवास का कांग्रेस को लाभ होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications