कुंडा कांड: बाहुबली राजा भैया को मिल सकती है क्लिन चिट
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के चर्चित डिप्टी एसपी जियाउल हक हत्याकांड की जांच कर रही केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पूर्व राज्य मंत्री और बाहूबली नेता राजा भैया को क्लिन चिट दे सकती है। जांच टीम को अबतक डिप्टी एसपी हत्याकांड में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की कोई भूमिका नहीं दिखाई दे रही है। सीबीआई सूत्रों के अनुसाद जल्द दिये जा रहे क्लोजर रिपोर्ट में रघुराज प्रताप सिंह को क्लिन चिट दे सकती है। मालूम हो कि डिप्टी एसपी जियाउल हक की विधवा परवीन आजाद ने राजा भैया और उनके सर्मथक गुड्डू सिंह, हरि ओम श्रीवास्तव, राजीव सिंह और गुलशन यादव पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया था।
परवीन आजाद की प्राथमिकी के आधार पर सीबीआई ने राजा भैया पर मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने और आरोप लगने के बाद राजा भैया ने राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। जांच में सीबीआई ने अब पाया है कि ग्राम प्रधान नन्हें यादव और उनके भाई सुरेश यादव की हत्या हिंसा पर उतारु भीड़ ने की। सीबीआई ने कल रिमाण्ड लिए हुए पुलिस उपाधीक्षक हत्या के आरोपी पवन, फूलचंद और मनजीत के अलावा ग्राम प्रधान नन्हें सिंह की हत्या के आरोपी कामता पाल के पुत्र अजय पाल और विजय पाल के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में पूछताछ के अलावा दिवंगत ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के छोटे पुत्र बबलू उर्फ योगेन्द्र की उम्र के बारे में आंगनबाड़ी में काम करने वाली पुष्पा मौर्य और मंजू श्रीवास्तव के अलावा जिस स्कूल में बबलू पढ़ रहा है उसके कर्मचारियो से भी पूछताछ की। मालूम हो कि सीबीआई डीएसपी हत्याकांड का खुलासा करने का दावा पहले ही कर चुकी है। पुलिस उपाधीक्षक जिया उल हक की हत्या के आरोपी ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के अंगरक्षक मनजीत की निशानदेही पर सीबीआई ने बलीपुर गांव में उसके घर से खून से सनी एक जिंस की पैंट को कल रात कब्जे में लिया है। सीबीआई पैंट पर लगे रक्त के धब्बों की जांच करेगी। मनजीत सिंह ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के पिता की याद में बने दुखीराम इंटर कालेज का कर्मचारी भी है। मनजीत सिंह सीबीआई की रिमाण्ड पर है। उस पर पुलिस उपाधीक्षक हक की हत्या करने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications