अखिलेश ने की बिजली के करंट से बचने की तैयारी
लखनऊ। गर्मी की शुरूआत और बिजली किल्लत को देखते हुए राज्य सरकार अभी से अलर्ट हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नहीं चाहते हैं कि विपक्ष के साथ-साथ राजनैतिक दल उन्हें बिजली का करंट लगायें। यानी बिजली की समस्या को मुददा बनायें और बवाल करें। यही कारण है कि उन्होंने अभी से उत्तर प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने यह भी कहा है कि उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित समय सीमा तक विद्युत की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। मुख्यमंत्री ने आगरा से लखनऊ प्रस्तावित नियंत्रित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए कार्रवाई तेज की जाने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को फीडर अलग करने की योजना की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करने के बाद उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने निर्देशित किया कि मुजफ्फरनगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फीडर अलग करने का कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र किया जाए। इसके अलावा उन्होंने शामली, बागपत, आजमगढ़ एवं अम्बेडकरनगर में भी घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं के फीडर अलग करने की प्रक्रिया शुरु करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फीडर अलग करने की व्यवस्था के फलस्वरूप उपभोक्ताओं को राहत के साथ ही विद्युत चोरी पर अंकुश लगना चाहिए।
गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत विभाग को सभी जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फीडर के अंतिम छोर पर स्थापित ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति की जानकारी उपभोक्ता से सीधे प्राप्त करने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति समय के सम्बन्ध में सही जानकारी मिल पाएगी। इसके अलावा उन्होंने महाकुम्भ के दौरान विद्युत विभाग द्वारा प्रयोग किए गए ट्रांसफार्मर इत्यादि सामानों को स्थानीय स्तर पर ही प्रयोग करने के निर्देश दिए ताकि परिवहन खर्च से बचा जा सके।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने आगरा से लखनऊ तक प्रस्तावित 8 लेन नियंत्रित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के सम्बन्ध में अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के जिलए कार्रवाई तेज की जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष नवीन चन्द्र बाजपेई, मुख्य सचिव जावेद उस्मानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।













Click it and Unblock the Notifications