मार्कंडेय काटजू को कोई गंभीरता से नहीं लेता: भाजपा
नई दिल्ली। पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मार्कंडेय काटजू के बारे में भाजपा ने कहा है कि या तो उन्हें प्रेस काउंसिल आफ इंडिया के पद से हटाया जाय या उन्हें खुद इस पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। गौरतलब है कि पाकिस्तान के एक अंग्रेजी समचार पत्र में लिखे एक लेख में काटजू ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से की है साथ ही उन्होने देश के लोगों से भी अपील की थी कि वह प्रधानमंत्री का चुनाव सोंच समझ कर करें।
इस पर भाजपा ने काटजू पर मोदी के खिलाफ प्रचार करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने काटजू पर राजनीति करने का आरोप लगाया है और कहा है कि अगर वह राजनीति करना चाहते हैं तो उन्हें सक्रिय राजनीति का हिस्सा बन जाना चाहिए। उन्हें दोहरी भूमिका नहीं निभानी चाहिए।
प्रकाश जावड़ेकर ने हालांकि यह भी कहा कि काटजू जो भी लिखते हैं उसे कोई गंभीरता से नहीं लेता। इस देश में हर किसी को बोलने और लिखने की आजादी है पर सच तो यह है कि उन्हें इस तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए। वह एक संवैधानिक संस्था के मुखिया हैं अत: उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।
इस विषय पर सफाई देते हुए पूर्व जस्टिस काटजू ने कहा है कि मेरे इस लेख को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, मैंने यह लेख एक नागरिक की हैसियत से लिखा है और भारत में हर नागरिक को हक है कि वह अपनी बात कह सके।
पीसीआई के अध्यक्ष काटजू के इस बयान को यूपीए को लाभ पहुंचाने वाला माना जा रहा है और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से मांग की जा रही है कि काटजू को बर्खास्त किया जाये।













Click it and Unblock the Notifications