नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी दोनों की हैट्रिक
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी दोनों ने हैट्रिक लगायी है। मोदी ने जीत की तो राहुल ने लगातार तीसरी हार की। मोदी जहां गुजरात में लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने की ओर अग्रसर हैं, वहीं राहुल गांधी को बिहार और उत्तर प्रदेश के बाद अब गुजरात में हार मिली है।
यानी भाजपा में मोदी की हैट्रिक का जश्न मनाया जा रहा है, वहीं कांग्रेस में राहुल की हैट्रिक के कारण मातम छाया हुआ है। इस हार के बाद कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि कृपया राहुल की तुलना मोदी से मत करें। हम कहते हैं जब दोनों ही अपनी-अपनी पार्टी के ब्रांड एंबेसडर माने जाते हैं तो क्यों न तुलना की जाये। इसमें कोई शक नहीं कि गुजरात में भाजपा ने चुनाव सिर्फ मोदी के दम पर लड़ा। बाकी के दिग्गजों ने महज औपचारिकतावश चुनाव अभियान में भाग लिया, फिर चाहे वो सुषमा स्वराज हों, अरुण जेटली हों या फिर खुद नितिन गडकरी और लाल कृष्ण आडवाणी। इनके प्रचार करने से कोई खास फर्क नहीं पड़ा है, क्योंकि गुजरात में लोग जानते हैं तो सिर्फ मोदी को।

वहीं कांग्रेस की बात करें तो राहुल गांधी इस पार्टी के सबसे बड़े सेलेब्रिटी के रूप में दिखे। सोनिया गांधी से लेकर कई वरिष्ठ नेताओं ने इस बार जमकर चुनाव प्रचार किया, जबकि राहुल गांधी महज पांच-छह रैलियों तक सीमित रहे वो भी तब जब चुनाव प्रचार अंतिम पड़ाव में था। यानी कांग्रेस को आज भी यह गलतफहमी है कि राहुल के जाने भर से वोट पक्के हो जाते हैं। वैसे हम आपको बता दें कि इस बार गुजरात की जंग में राहुल ने पर्दे के पीछे ज्यादा भूमिका निभाई।












Click it and Unblock the Notifications