फिलीपींस में आये तूफान 'बोफा' से भयंकर तबाही
मनीला। प्रतिवर्ष लगभग 20 चक्रवातों का सामना करने वाले फिलीपींस में 210 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आये 'बोफा' तूफान ने भयंकर तबाही मचायी है। बोफा ने दक्षिण द्वीप मिनदानाओं में अब तक लगभग सौ जानें ले ली हैं। यह तूफान मंगलवार को ही द्वीप में आ गया था। मिनदानाओं एक खदान क्षेत्र है। तूफान की विभीषिका का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि कई घर मलबे के ढेर बन गये वहीं मजबूत पेड़ जड़ से उखड़ गये।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कई लोग लापता हो गये हैं। घरों की बिजली चली गयी है। तूफान की विभीषिका को देखते हुए उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। तूफान आने की आशंका के मद्देनजर 1 लाख 55 हजार लोग पहले ही राहत शिविरों में भेज दिये गये थे। जिससे और अधिक जनहानि से बचा जा सका है।
फिलीपींस में प्रतिवर्ष लगभग 20 तूफान आते हैं, जिसमें भारी धन और जन हानि होती है। यह अब तक का सबसे भयंकर तूफान था। अभी पिछले ही वर्ष आये 'वाशी' चक्रवात में लगभग 1500 लोग मारे गये थे।
कंबोडिया में बोली जाने वाली भाषा खामेर में 'बोफा' का मतलब सुन्दर फूल होता है।
अभी कुछ ही समय पहले हुए अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान आये 'सैंडी' तूफान ने जनजीवन पर घातक प्रभाव डाला था। मात्र एक महीने के अन्तराल पर आने वाला 'बोफा' दूसरा तूफान है।












Click it and Unblock the Notifications