अखिलेश सरकार ने अब बढ़ाया बसों का किराया

एक ओर तो अखिलेश यादव गरीबों को बेरोजगारी भत्ता व कन्या विद्या धन बांटकर यह साबित करने में लगे हैं कि उनकी सरकार गरीबों के हित में काम करती है लेकिन आम लोगों की सवारी बस के किराए में वृद्धि कर जता दिया कि यह सबकुछ दिखावा है। कैबिनेट से मंजूर हुए प्रस्ताव के मुताबिक परिवहन निगम की साधारण बसों में यात्रा करने पर यात्रियों से अब 60 पैसे प्रति किलोमीटर के स्थान पर 70 पैसे प्रति किलोमीटर किराया वसूला जाएगा। सूत्रों के अनुसार परिवहन निगम के अधिकारियों ने यात्री बसों में 25 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि का प्रस्ताव सरकार को दिया था।
सरकार ने परिवहन निगम की बसों के किराये में 16 फीसद की वृद्धि की है। इसके अलावा बसों में यात्री सुविधा शुल्क और यात्री दुर्घटना बीमा शुल्क की राशि अलग से देय होगी। यात्रियों से टोल शुल्क के रूप में भी पांच रुपये प्रति यात्री वसूला जाएगा। उदाहरण स्वरूप अभी तक लखनऊ से कानपुर तक जाने पर यात्री को 62 रुपये चुकाना पड़ता था, लेकिन अब इसी यात्रा के लिए यात्री को 72 रुपये किराया देना होगा।
लखनऊ से इलाहाबाद के लिए लगभग 20 रुपये और लखनऊ से गोरखपुर के लिए लगभग 28 रुपये अधिक किराया यात्रियों को चुकाना होगा। किराये में बढ़ोतरी पर सरकार की ओर से यह कहा गया है कि परिवहन निगम में पिछले तीन वर्षों में वेतन, भत्ते, ईंधन और स्पेयर पार्ट्स पर खर्च में लगभग 39 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. डीजल के दामों में पिछले महीने ही बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में परिवहन निगम के खर्चो को पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा है और निगम का घाटा लगातार बढ़ रहा है। इतना ही नहीं सरकार ने नगर बस सेवा का भी किराया 1.50 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.60 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर कर दिया है।
किराये की दर में इस परिवर्तन से परिवहन निगम की बसों में यात्री को पांच किलोमीटर तक की यात्रा करने पर अब 50 पैसे ज्यादा चुकाने होंगे. निजी क्षेत्र की बसों के किराये में भी बढ़ोतरी की गयी है। कैबिनेट के फैसले के मुताबिक निजी क्षेत्र की बसों में किराया 46 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 55 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। जबकि 25 किलोमीटर की दूरी में नगरीय निजी क्षेत्र की बस सेवाओं के लिए किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।
सरकार ने टैक्सियों का किराया प्रथम किलोमीटर के लिए 7.60 रुपये से बढ़ाकर 8.70 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 500 मीटर के लिए 3.65 रुपये से बढ़ाकर 4.10 रुपये कर दिया है। इसके अलावा निजी क्षेत्र की कांट्रेक्ट कैरिज बसों का किराया 21.10 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 24.25 रुपये प्रति किलोमीटर करने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications