भाजपा में बगावत, कई नेता पार्टी से निष्कासित

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने नगर निकाय एवं नगर निगम चुनाव-2012 में पार्टी सिम्बल के विरूद्ध चुनाव लडऩे वाले या अपने परिवारजनों को चुनाव लड़ाने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र से 46, अवध क्षेत्र से 10, काशी क्षेत्र से 07, पश्चिम क्षेत्र से 09, बृज क्षेत्र से 41 तथा कानपुर क्षेत्र 11 कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है तथा मेरठ नगर निगम वार्ड-19 के प्यारे लाल तथा लखनऊ नगर निगम हिन्दनगर वार्ड के प्रशान्त कुमार बाजपेयी का निष्कासन रद्द करने का निर्णय लिया है।
राजधानी के वार्ड संख्या 40 हरदीन राय नगर वार्ड से शकुंतला निगम, वार्ड संख्या 32 फैज़ुल्लागंज से रश्मि सिंह एवं उनके पति रामदेव सिंह, पूर्व मण्डल महामंत्री प्रदीप शुक्ल, नि. पार्षद संजीव लोधी, वार्ड संख्या 29 राजा राममोहन राय वार्ड से अनुसूचित मोर्चा के राम सिंह बाल्मीकि तथा वार्ड संख्या 73 विद्यावती-2 से युवा मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष रिंकू पाण्डेय तथा आलोक शुक्ल को पार्टी से निष्कासित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार इस सूची के बाद शीघ्र ही पार्टी उन कार्यकताओं व पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर करेगी जिन्होंने बगावत करने वालों का समर्थन और उनका सहयोग किया। पार्टी ने सख्त कदम लोक सभा चुनाव से पूर्व उठाया है और लोगों को यह संकेत देने का प्रयास किया पार्टी अब उन्हीं लोगों को साथ रखेगी जो पार्टी को नीतियों का पूरी तरह से साथ देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications