राक्षसी पूतना को देखते ही मां-बेटी की मौत

कन्नौज के एक गांव तेराजाकेट में जो हादसा हुआ उसे गांव वाले भुला नहीं पा रहे हैं। गांव में अशोक कुमार पुत्र अहिवरन धोबी अपनी पत्नी व पांच वर्ष की बेटी के साथ रहता था। लेकिन गुरूवार की रात उसके परिवार की खुशियों को हमेशा- हमेशा के लिए लेकर चली गयी। उसकी बच्ची टीवी सीरियल (श्रीकृष्णा) देख रही थी और उस सीरियल में पूतना का खौफनाक चेहरा देख वह इतनी भयभीत हो गई कि कुछ पल में ही डर के कारण उसकी मौत हो गयी। बेटी की जुदाई के सदमे में थोड़ी देर बाद मां का भी यही हाल हुआ और उसकी जान चली गयी।
अहिवरन ने बताया कि उसकी पुत्री नैना घर में बैठी श्रीकृष्णा धारावाहिक देख रही थी। धारावाहिक में जैसे ही पूतना का डरावना रूप उसने देखा, वह एकाएक डर की वजह से चीख पड़ी, डर से उसका शरीर कांप रहा था चेहरे पर पसीना व खौफ साफ झलक रहा था। माता-पिता ने दौड़कर उसे गोद में उठाया और उसे बताया कि पूतना टीवी में है उसे डरने की आवश्यकता नहीं है लेकिन कुछ मिनट बाद ही दहशत में नैना ने दम तोड़ दिया। नैना की मां क्रान्ति देवी इस तरह अचानक पुत्री की मौत का सदमा बर्दाश्त न कर सकी और वह मूर्छित होकर गिर पड़ी।
उसे आनन-फानन निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि अशोक के चार पुत्रियां व एक पुत्र है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण बमुश्किल कर पाता है। बेटी व पत्नी की मौत से वह पूरी तरह टूट चुका है। घर में एक साथ मां-बेटी की मौत से परिजनों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया है।












Click it and Unblock the Notifications