पोलियो बम करेगा विश्व को अपाहिज

अफगानिस्तान सीमा के पास बारा में तालिबान की बैठक में फैसला किया गया कि जब तक अमेरिकी ड्रोन हमले बंद नहीं होते पोलियो ड्राप पर पाबंदी रहेगी। इससे करीब 2.50 बच्चों की जिंदगी खतरे में पड़ गई है। वजीरिस्तान इलाके में ड्रोन हमले के विरोध में पाकिस्तान के स्थानीय तालिबान कमांडर हाफिज गुल बहादुर ने पोलियो के टीके पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है।
उनका कहना है कि एक तरफ तो नाटो सेना नागरिकों को कत्ल कर रही है दूसरी ओर जासूसी करने के लिए इस तरह के अभियान का सहारा लिया जा रहा है। तालिबान ने पोलियो ड्राप के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला किया है। तालिबान लड़ाके गांव-गांव जाएंगे लोगों से कहेंगे कि वे बच्चों को ड्राप न पिलाएं। हालांकि तालिबान की घोषणा के बाद इस इलाके में पोलियो ड्राप पिलाने के लिए सेना की मदद लेने पर पाकिस्तान सरकार विचार कर रही है।
इस बीच शाहिद अफरीदी उन इलाकों में पोलियो के टीके का प्रचार करने की घोषणा की है जहां तालिबान और अलकायदा का अच्छा खासा प्रभाव है। अफरीदी खुद खैबर जिले में पैदा हुए थे । यह अफागनिस्तान से सटा हुआ इलाका है। इस इलाके में पश्तो बोली जाती है। इस अभियान से जुड़े हुए लोगों को यकीन है कि अफरीदी का पश्तो होना इस मामले में मददगार साबित होगा। ये अभियान
पाकिस्तान सरकार और यूनिसेफ के प्रयास से चलाया जा रहा है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की सबसे छोटी बेटी असीफा इस अभियान की ब्रांड एंबेस्डर हैं। अफगानिस्तान और नाइजीरिया के बाद पाकिस्तान तीसरा ऐसा देश है जहां एक खास इलाके में पोलियो गंभीर रूप से फैल रहा है। पोलियो ज्यादातर पांच साल के कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है और उन्हें अपंग बना देता है।












Click it and Unblock the Notifications