बारात में फायरिंग से बच्ची की मौत, भीड़ ने दूल्हे संग बारातियों को पीटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर के गुमटी निवासी ज्ञानप्रकाश की बेटी दीक्षा की शादी बुधवार को नजीराबाद क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस से संपन्न हो रही थी। उन्नाव से बरात आई थी। गुमटी के रहने वाले स्व. हरिशंकर कुशवाहा की 11 वर्षीय बेटी नंदिनी बुआ रानी व मां भगवती देवी के साथ शादी में शामिल होने आई थी। रात साढ़े नौ बजे बरात आने के बाद द्वारचार रहा था। तभी बरातियों की ओर से कुछ लोगों ने रिवाल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। तीन फायर में से एक गोली नंदिनी के माथे में जा धंसी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
इस पर लड़की पक्ष के लोग उसे आनन-फानन में मधुराज नर्सिगहोम ले गए जहां से उसे रिजेंसी हास्पिटल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टरों ने हैलट रिफर कर दिया। जहां बीती रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में लगभग आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। सूचना यह भी मिल रही है कि समारोह में फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी ही थी जिन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications