कलाम ने साफ किया, नहीं लड़ेंगे राष्ट्रपति चुनाव

कलाम ने पत्र लिखकर कहा है कि ममता बनर्जी और देश के अधिकांश लोग मुझे राष्ट्रपति पद पर देखना चाहते हैं, मैं सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहता हूं।
गौरतलब है कि कलाम के नाम को लेकर पहले मुलायम और ममता आगे आयी थीं, लेकिन बाद में संप्रग ने प्रणब मुखर्जी का नाम आगे कर दिया। मुलायम तो संप्रग के साथ हो लिये लेकिन ममता अभी भी कलाम के नाम पर अड़ी थीं, लेकिन अब ममता की यह मंशा पूरी नहीं हो पायेगी।
रही बात राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की तो उसने अधिकारिक तौर पर तो अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं, लेकिन हां खेमे से कई नेता कलाम को चुनाव में उतारना चाहते थे। खैर अब उनके भी इरादों पर पानी फिर गया है।
इससे पहले के घटनाक्रम की बात करें तो सूत्रों के मुताबिक सोमवार की सुबह कलाम ने आडवाणी से फोन पर बात की थी। चार दिन पहले भी कलाम ने साफ कह दिया था कि जब तक उनके समर्थन में पूर्ण बहुमत नहीं दिखेगा, तब तक वो मैदान में नहीं उतरेंगे।
सोमवार सुबह से ही कयास लग रहे थे कि कलाम को चुनाव के लिए मनाने के लिये भाजपा ने सुधींद्र कुलकर्णी को कलाम के पास भेजा था, लेकिन वहां भी बात नहीं बनी। वहीं शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने भी ऐलान किया था कि अगर कलाम नहीं खड़े होंगे तो शिवसेना किसी को समर्थन नहीं करने वाली।












Click it and Unblock the Notifications