चिलचिलाती धूप में बच्ची को रोता हुआ छोड़ चली गई मां

महज 45 दिन की मासूम को उस मां ने चिलचिलाती धूप में छोड़ दिया। शायद उसे बच्ची होने की सजा मिली हो। कारण चाहे जो हो लेकिन मासूम को जिसने भी बिलखता देखा कलेजा मुंह को आ गया। सिविल अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे गुरुवार को यह मासूम लावारिस मिली। उसे यहां परिजनों ने छोड़ दिया। दोपहर में बिलखती बच्ची को देख लोगों की भीड़ लग गई। सैकड़ों लोग उसकी ओर देख रहे थे लेकिन किसी ने भी उसे उठाने की जहमत नहीं उठाई।
कुछ यह सोच रहे थे कि शायद उसकी मां उसे यहां छोड़कर आसपास गई है। जब काफी देर तक बच्ची का कोई वारिस नहीं लौटा तो भीड़ में मौजूद एक महिला से रहा नहीं गया। रोती बच्ची को उठाया और अपनी छाती से चिपटा लिया। उसे लेकर अस्पताल के सुपुर्द कर दिया। सिविल अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विन्नी ने बच्ची को बच्चों के वार्ड में दाखिल कराया।
डॉ. ने बताया कि बच्ची की उम्र महज 45 दिन है। वह स्वस्थ है। काफी तलाश करने के बाद भी बच्ची के परिजनों का पता नहीं चल सका। बच्ची को फिलहाल अस्पताल में ही चिकित्सकों की देख-रेख में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से तीन बजे पुलिस कंट्रोल को सूचना दी गई। पुलिस भी अस्पताल पहुंची और बच्ची के बाबत जानकारी जुटाई। अस्पताल में तैनात कर्मचारियों के मुताबिक जिस स्थान पर बच्ची मिली, वहां दो महिलाएं उसके पास बैठी थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद बच्ची अकेले बिलखती मिली। समझा जा रहा है कि बेटी के होने के कारण उसे लावारिस छोड़ दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications