नियम तो नियम है, चाहे पीएम आये या सीएम

कांग्रेस पार्टी ने गोवा के सरकारी विद्यालय - सनखालिम कॉलेज में गोवा विधानसभा चुनाव के अंतर्गत प्रचार रैली का आयोजन करने का फैसला किया। इसके लिए मैदान भी बुक कर दिया। यह रैली 29 फरवरी को होनी है, लेकिन इसकी खबर जब चुनाव आयोग को मिली तो उसने उसमें खटाई डाल दी। आयोग ने पार्टी को नोटिस देते हुए कहा है कि चूंकि कॉलेज मैदान सरकारी संपत्ति है, लिहाजा रैली का आयोजन नहीं किया जा सकता।
संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी नारायण नवति ने कहा कि वैसे भी शिक्षण संस्थानों संपत्ति को चुनाव प्रचार में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, वो चाहे प्राइवेट हों या सरकारी, या फिर वित्तपोषित। नवति ने कहा कि उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि कांग्रेस को सनखलिम कॉलेज के मैदान का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाये। उन्होंने कहा कि कॉलेज में कक्षाएं चल रही हैं, इम्तहान सिर पर हैं और ऐसे में छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान पहुंचाना ठीक नहीं।
हम आपको बता दें कि रैली के आयोजन पर शिकायत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने की थी। उधर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रैली के लिए दूसरे आयोजन स्थल की खोज शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications