कांग्रेस के घोषणापत्र में नहीं होगा मुस्लिम आरक्षण का वादा
नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश में पिछड़े मुस्लिमों को नौ प्रतिशत आरक्षण का वादा कल जारी होने वाले कांग्रेस के घोषणापत्रा में पूरी तरह स्पष्ट होने की संभावना नहीं है लेकिन पार्टी इस संबंध में साफ साफ संकेत देगी। कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के बयान को लेकर चुनाव आयोग द्वारा उन्हें नोटिस दिये जाने की पृष्ठभूमि में उठे विवाद पर साफ रुख जताने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
खुर्शीद ने एक सभा में कहा था कि पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर पिछड़े अल्पसंख्यकों को नौ प्रतिशत आरक्षण देगी। उत्तर प्रदेश में 27 जनवरी को जारी पार्टी के विजन डाक्यूमेंट 2020 से भी स्पष्ट था कि पार्टी इस विवादास्पद मुद्दे पर सोच समझकर बढ़ना चाहती है। दस्तावेज में अल्पसंख्यकों को आरक्षण देने का वादा किया गया है लेकिन संख्या नहीं बताई गयी है।
सूत्रों ने कहा कि घोषणापत्र में पार्टी की इस प्रतिबद्धता पर जोर हो सकता है कि उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों के पिछड़े स्तर से पांच साल में प्राथमिकता से निपटा जाएगा। उधर मुंबई में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ने निकाय चुनावों के लिए ठाणे, पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ से अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। यहां 16 फरवरी को चुनाव होने हैं।













Click it and Unblock the Notifications