अन्ना संसद के बाहर राजनीति ना करें: कांग्रेस

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री नारायण सामी ने कहा है कि अन्ना सरकार को आदेश न दें औऱ उन्हें संसद के बाहर बैठकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। सरकार वो ही करेगी जिसमें संसद का सम्मान औऱ देश हित हो। सामी ने साफ किया कि लोकपाल के मुद्दे पर सभी दलों की राय लेने के बाद कानूनी राय ली जा रही है, लिहाजा इसमें वक्त लग सकता है।
आपको बता दें कि गुरूवार को अन्ना हजारे ने फिर से दोहराया था कि अगर सरकार इस शीतकालीन सत्र में सशक्त लोकपाल बिल नहीं लाती हैं तो वो खुद सोनिया गांधी और राहुल गांधी के घर पर धरना देंगे। यही नहीं जो-जो सांसद लोकपाल बिल के खिलाफ है उन सभी के घरों पर धरना होगा। अन्ना ने कहा कि 27 दिसंबर से वो अनिश्चित कालीन अनशन करेंगे।
साथ ही 1 दिसंबर से पूरे देश में 'जेल भरो आंदोलन' होगा लेकिन अगर सरकार सशक्त लोकपाल बिल पारित करती है तो वो 27 दिसंबर को 'आभार दिवस' मानयेंगे। मौसम का हाल देखते हुए उनके अनशन की जगह तय की जायेगी। अन्ना ने साफ तौर पर कहा कि अगर सरकार को समय कम पड़ रहा है तो उसको संसद सत्र बढ़ा देना चाहिए। अन्ना ने कहा कि उन्हें लगता है कि सरकार ऐसा करेगी। लेकिन अगर वो ऐसा नहीं करती है तो उनका आंदोलन रूकने वाला नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications