किंगफिशर और एयर इंडिया के बैंक खातों से रोक हटी

सूत्रों ने बताया कि खातों पर लगी रोक कल हटा ली गई थी। किंगफिशर ने लिखित हलफनामा दिया था कि वह 31 मार्च 2012 तक बकाया सेवा कर का भुगतान कर देगी। विजय माल्या द्वारा प्रवर्तित विमानन कंपनी ने नवंबर महीने में सेवा कर बकाये के तौर पर करीब नौ करोड़ रुपए का भुगतान किया जबकि सरकारी कंपनी एयरइंडिया ने आठ करोड़ रुपए का भुगतान किया।
केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने इस महीने की शुरुआत में किंगफिशर एयरलाइंस के 10 खातों और एयर इंडिया के 11 खातों पर रोक लगा दी थी। एयरलाइंस कंपनियों द्वारा कथित तौर पर सेवाकर का भुगतान नहीं किये जाने के कारण यह कदम उठाया गया हालांकि, वह यात्रियों से सेवा कर की वसूली कर रही थी।
सोमवार को किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक विजय माल्या ने सीबीईसी अध्यक्ष एस के गोयल से मुलाकात की और विमानन कंपनी के बैंक खातों पर लगी रोक हटाने का आग्रह किया। समझा जाता है कि विभाग ने उनसे कम से कम नवंबर महीने का सेवाकर अदा करने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications