अन्ना के समर्थन में कई राजनेता पहुंचेंगे जंतर-मंतर

सूत्रों के मुताबिक टीम अन्ना के निमंत्रण पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से अरुण जेटली, सीपीएम की ओर से वृंदा करात, सीपीआई की ओर से एबी वर्धन, तेलुगू देशम पार्टी के मुखिया चंद्र बाबू नायडू और समाजवादी पार्टी से राम गोपाल यादव पहुंचेंगे और जनलोकपाल पर अपनी बात रखेंगे। अभी तक कांग्रेस या यूपीए में उसके सहयोगी दलों की ओर से किसी ने पहल नहीं की है।
इन नेताओं के आने की दस्तक से यह साफ हो गया है कि अन्ना का यह अनशन पहले से भी ज्यादा आक्रामक होगा जो सीधे सरकार पर वार करेगा।
उधर अन्ना हजारे ने सरकार पर वार करते हुए कहा है कि सरकार राहुल गांधी के दबाव में अपना लोकपाल बिल लाना चाहती है। चूंकि यह लोकपाल बिल सशक्त नहीं है, लिहाजा इससे भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा। अन्ना ने कहा कि ग्रुप सी और ग्रुप डी के कर्मचारियों को जब तक लोकपाल के दायरे में नहीं लायेंगे, तब तक भ्रष्टाचार जड़ से नहीं खत्म होगा।
उधर अन्ना की बात का जवाब देते हुए कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है, "हमने यह बिल वैसे ही तैयार किया है, अगर अन्ना को यह बिल मजबूत नहीं लगता, तो मजबूत किसे कहते हैं हम नहीं जानते।"












Click it and Unblock the Notifications