दिल्ली: उगाही करने पहुंचे एमबीए युवक को पुलिस ने दबोचा

अपराध शाखा उपायुक्त अशोक चांद के मुताबिक दिल्ली व केंद्र सरकार के कई विभागों में हाउस कीपिंग के कारोबारी ने 17 नवंबर को कीर्ति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक शख्स खुद को दुबई का डॉन बताकर एक करोड़ रुपये मांग रहा है। रुपये न मिलने पर उसने व्यवसायी के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद लोकल पुलिस व अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया की देखरेख में स्पेशल यूनिट शाखा इंस्पेक्टर अरविंद कुमार की टीम ने तफ्तीश शुरू की।
योजना के अनुसार व्यवसायी ने उस शख्स को प्रोटेक्शन मनी की पहली किस्त (50 हजार) लेने के लिए जयसिंह रोड पर एक दुकानदार के पास बुलाया। यहां पर एएसआई राकेश को दुकानदार बनाकर खड़ा कर दिया गया। जैसे ही आरोपी युवक विवेक रुपये लेने पहुंचा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। विवेक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम और चेन्नई से एमबीए किया है। उसके पिता केंद्र सरकार में निदेशक के पद पर तैनात हैं। विवेक ने बताया कि उसने व्यवसायी के यहां दो महीने काम किया था। इस दौरान पता चला कि व्यवसायी के पास काफी पैसा है और थोड़ा धमकाने पर ही वह उसे मोटी रकम दे देगा। इसके बाद उसने रुपये ऐंठने की योजना बनाई।












Click it and Unblock the Notifications