लाइव अपडेट - सरकार की ओर से प्रणब मुखर्जी करेंगे वार्ता

नई दिल्‍ली। अन्‍ना हजारे के अनशन का आज आठवां दिन है। उनका स्‍वास्‍थ्‍य लगातार गिरता जा रहा है। डॉक्‍टरों ने कहा है कि उन्‍हें 24 से 48 घंटों के अंदर अस्‍पताल में भर्ती किया जा सकता है, जबकि सरकार की ओर से अभी तक बातचीत के लिए कोई अधिकारिक प्रस्‍ताव नहीं आया है। क्‍या होगा इस आंदोलन का, जानने के लिए बने रहिये हमारे साथ। हम लाये हैं लाइव अपडेट सीधे दिल्‍ली व देश के विभिन्‍न शहरों से।

6:00 बजे। सरकार ने प्रणब मुखर्जी को बातचीत के लिए नियुक्‍त किया है। उधर टीम अन्‍ना ने अपने प्रतिनिधित्‍व पर कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि प्रतिनिधि जो भी हो, वार्ता मीडिया के कैमरों से दूर होगी। सरकार ने कहा है कि प्रतिनिधियों के बीच वार्ता किसी गुप्‍त स्‍थान पर होगी।

5:05 बजे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अन्‍ना हजारे को एक चिठ्ठी लिखी है। जिसमें उन्‍होंने अन्‍ना से अनशन खत्‍म करने की अपील की है।

5:00 बजे। अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान में मौजूद समर्थकों को मंच से बताया कि केंद्र सरकार ने बीच का रास्‍ता निकालने के लिए प्रणब मुखर्जी को नियुक्‍त किया है। केजरीवाल ने कहा अब यह अन्‍ना फैसला करेंगे कि हमारी तरफ से कौन जायेगा।

4:35 बजे। अरविंद केजरीवाल रामलीला मैदान पहुंचे। उम्‍मीद है वो यहां मंच जनता को संबोधित करेंगे और सरकार के साथ हुई वार्ता के बारे में लोगों को जानकारी देंगे।

4:16 बजे। संदीप दीक्षित के घर पर 45 मिनट तक चली बैठक बिना किसी हल के खत्‍म हो गई है। सरकार ने इस बैठक की शुरुआत कर अन्‍ना के अनशन को तोड़ने के पहले प्रयास किये।

4:10 बजे। श्री श्री रविशंकर रामलीला मैदान पहुंचे हैं। उन्‍होंने जनता से कहा है कि उनके पास एक अच्‍छी खबर है।

4:10 बजे। संदीप दीक्षित के घर पर केजरीवाल और खुर्शीद के बीच चल रही वार्ता में अखिल गोगोई भी मौजूद हैं। सरकार की अपील की गई है कि अन्‍ना हजारे को अस्‍पताल शिफ्ट किया जाये। इसे साफ है कि सरकार अन्‍ना के स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर चिंतित है।

4:05 बजे। टीम अन्‍ना ने सरकार को 30 अगस्‍त की डेडलाइन दी और कहा कि अगर 30 तारीख तक बिल पास नहीं हुआ, तो देश भर में विधायकों और सांसदों के घरों का घेराव होगा।

3:55 बजे। अन्‍ना के अनशन को समाप्‍त कराने की कोशिशों के साथ संदीप द‍ीक्षित और सलमान खुर्शीद ने शुरू की अरविंद केजरीवाल से बातचीत।

3:30 बजे। टीम अन्‍ना के सदस्‍य जस्टिस हेगड़े ने कहा कि वो अन्‍ना हजारे से अनशन वापस लेने की अपील करेंगे, लेकिन देश भर में आंदोलन जारी रहेगा।

3:00 बजे। बेंगलुरु में अनशन पर बैठे दो लोगों की हालत गंभीर।

2:31 बजे। सरकारी सूत्र के मुता‍बिक अन्‍ना के अनशन को खत्‍म होने में अभी दो-तीन दिन और लग सकते हैं। सरकार सप्‍ताह के अंत तक इस पर फैसला ले सकती है।

2:15 बजे। सरकार की ओर से मिले संकेत। सलमान खुर्शीद बन सकते हैं सरकारी दूत। खुर्शीद ने केजरीवाल से संपर्क भी साधा।

2:00 बजे।
खबर मिली है कि कांग्रेस के नेताओं ने अन्‍ना हजारे के आंदोलन के पूरे घटनाक्रम की जानकारी सोनिया गांधी को दी है।

1:45 बजे। रामलीला मैदान में भीषण जलभराव हो गया है। इस वजह से लोग यहां से बाहर निकल रहे हैं। लेकिन अन्‍ना का अनशन आठवें दिन भी जारी है।

1:24 बजे। अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर मंच से कहा कि वो बीच के रास्‍ते पर सरकार से वार्ता को तैयार हैं। हालांकि सरकार ने अभी तक कोई औपचारिक बातचीत नहीं की है। हां यह जरूर है कि श्री श्री रविशंकर को सरकार दूत बनाकर भेज सकती है।

1:00 बजे। बारिश के बीच भी लोग मैदान में जमे हुए हैं।

12:30 बजे। अन्‍ना का संबोधन खत्‍म होते ही दिल्‍ली में भारी बारिश शुरू हो गई। रामलीला मैदान में बारिश के कारण अफरा-तफरी मच गई। पब्लिक के खड़े होने की जगह पर टेंट गिर गया। हालांकि मजेदार बात यह है कि तमाम लोग बारिश का मजा लेकर डांस भी कर रहे हैं।

12:19 बजे। अन्‍ना ने रामलीला मैदान में कहा- मुझे एक बात का दुख होता है, कि मेरे आंदोलन में कुछ लोग शराब पीकर आते हैं। मेरी बिनती है उनसे शराब मत पियो, अपने बाल बच्‍चों का भविष्‍य संभालो। ऐसा किसी ने सुना है कि शराब, सिगरेट, गुटखा खाने से कोई पहलवान हो गया। इससे सिर्फ नाश होता है। तुम्‍हें पता होना चाहिये कि कहां जाना है। लोग सोचते हैं खाओ पियो, मजा करो एक दिन मरना तो है। अरे खाये पिये और मर गये, तो पशु और हमारे में क्‍या अंतर।

12:15 बजे। हम एक स्‍कूल चलाते हैं, जिसमें पास बच्‍चों को नहीं बल्कि फेल बच्‍चों को एडमीशन दें। तीन साल फेल वालों को वरीयता दी जाये और फिर उनका उत्‍तीर्ण परिणाम 100 प्रतिशत हो। ऐसा हो हमारा भारत। देशवासियों से बिनती है- अब ये क्रांति शुरू की है। अन्‍ना रहे या ना रहे क्रांति की मशाल जलती रहनी चाहिये। इस मशाल को बुझने नहीं देना।

12:14 बजे। अन्‍ना ने कहा- मुझे बड़ा अफसोस हुआ जब मैने सुना कि एक अखबार ने लिखा है कि अन्‍ना के गांव में दलितों का हाल बहुत बुरा है। यह बात मेरे गांव के लोग नहीं कह सकते, ऐसी बातें कपिल सिब्‍बल-इब्‍बल जैसे लोग करते होंगे। उनके चक्‍कर में मत पड़ें।

12:08 बजे। अन्‍ना ने कहा- 1947 में लाखों लोगों के बलिदान के बाद जो आजादी मिली उसे इन गद्दारों ने मिट्टी में मिला दिया। आज आजादी महसूस नहीं होती। सिर कटा सकते हैं, सिर झुका सकते नहीं। क्‍या ऐसा आपने सुना है कि हमारे देश में किसी लखपति या करोड़पति की जयंती मना रहा हो। नहीं, लोग गांधी-सुभाष की जयंती मनाते हैं।

जो लोग स्‍वयं के लिए जीते हैं, वो मरते हैं, जो दूसरों के लिए मरते हैं, वो हमेशा जिंदा रहते हैं। लोग हार्ट अटैक से मरते हैं। रात को 10 बजे तक गप्‍पे लगाने के बाद सुबह की चाय तक हार्ट अटैक आ जाता है। ऐसी मौत से तो अच्‍छी है देश के लिए मौत। अगर ऐसी मौत मिली तो मेरा सौभाग्‍य होगा।

मेरी बिनती है- इस देश को आगे बढ़ाने के लिए जितना जरूरी भ्रष्‍टाचार को खत्‍म करना है, उतना ही जरूरी गांधी जी का वो संदेश है जिसमें उन्‍होंने कहा था कि गांव बदलने से अच्‍छा होता है आदमी बदलना।

12:02 बजे। अन्‍ना हजारे ने मंच से कहा- देश में आजादी की मशाल जल चुकी है। 1947 और आज में सिर्फ फर्क इतना है कि वो गोरे थे आज काले हैं। कई लोगों ने मुझे मारने की सुपारी दी, लेकिन मारने वाले से बचाने वाला ईश्‍वर बड़ा होता है। अगर जीवन में शुद्ध विचार है, निश्‍कलंक जीवन है। त्‍याग करने की शक्ति है, तो ईश्‍वर हमेशा आपके साथ है। आज सिर्फ साढ़े पांच किलो वजन कम हुआ है, बस। मेरा स्‍वास्‍थ्‍य एकदम सही है।

12:01 बजे। लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू। स्‍पीकर ने सभी सांसदों से शांतिपूर्वक सदन की कार्यवाही कराने जारी रखने का निवेदन किया।

11:58 बजे। रामलीला मैदान में अन्‍ना हजारे 17 घंटे बाद मंच पर आये हैं। वो इस समय बापू के गीत गुनगुना रहे हैं।

11:57 बजे। सदन की कार्यवाही शुरू होने वाली है। सभी दलों के नेताओं के आने का सिलसिला जारी।

11:50 बजे। अन्‍ना हजारे मंच पर आये। मंच पर आते ही बुलंद आवाज में भारत माता की जय कहा। जनता को संबोधित करेंगे या नहीं इस पर संशय बरकरार।

11:30 बजे। अन्‍ना हजारे मंच पर आने के लिए उठ चुके हैं। यह खबर सुनते ही जनता में जोश कई गुना बढ़ गया।

11:15 बजे। रामलीला मैदान में रखे ड्रॉप बॉक्‍स में इकठ्ठा हुए 50 लाख रुपए। चारों तरफ महात्‍मा गांधी के गीत रघुपति राघव... की गूंज।

11:00 बजे। अन्‍ना को लेकर हंगामे की वजह से लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्‍थगित कर दी गई।

10:45 बजे। जन लोकपाल बिल पर सदन में हंगामा शुरू। नेता विपक्ष सुषमा स्‍वराज ने प्रश्‍नकाल स्‍थगित करने की मांग की।

10:30 बजे। भाजपा ने कहा केंद्र सरकार से आम जनता बेहद नाराज है। सरकार को जनलोकपाल बिल के लिए जल्‍द से जल्‍द कुछ करना चाहिये।

10:15 बजे। अभी-अभी खबर मिली है कि लोकपाल बिल पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सदन में बयान नहीं देंगे। उन्‍होंने कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

10:00 बजे। महाराष्‍ट्र के गोंडिया में प्रफुल पटेल के कार्यालय के बाहर लोगों का धरना।

9:20 बजे। अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि सड़कों पर प्रदर्शन या जूलूस के दौरान यातायात के नियमों को नहीं तोड़ें। सांसदों के घर प्रदर्शन या नारेबाजी करने के बजाये उनसे बातचीत करने की कोशिश करें।

9:05 बजे। केजरीवाल ने कहा- अभी तक सरकार की ओर से अधिकारिक बातचीत के लिए कोई नहीं आया है। सभी अनौपचारिक बातचीत करके चले जाते हैं। हम तभी मानेंगे, जब सरकार या तो अपना बिल वापस ले या उसमें संशोधन करे। सरकार चाहे तो 24 घंटे में बिल पास कर सकती है।

9:00 बजे। अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से कहा- अन्‍ना हजारे का स्‍वास्‍थ्‍य अभी ठीक है, खतरे की कोई बात नहीं। पढ़ें खबर विस्‍तार से।

8:30 बजे। यूपी के मुजफ्फरनगर में एसडीएम के ड्राईवर चन्द्रपाल की पौत्री आदित्‍यी का अनशन जारी। सुबह से जनपद मुख्‍यायल में उसे देखने के लिए लोगों का तांता लगने लगा है।

8:00 बजे। इंदौर में सांसद सज्‍जन सिंह वर्मा, कांतिलाल भूरिया और प्रेमचंद गुड्डू के घर के बाहर प्रदर्शन।

7:30 बजे। डॉक्‍टरों ने कहा कि अन्‍ना की हालत बिगड़ रही है, उन्‍हें अगले 24 से 48 घंटों के भीतर अस्‍पताल में भर्ती कराना पड़ सकता है।

7 बजे। डॉक्‍टरों के दल ने अन्‍ना के स्‍वास्‍थ्‍य का परीक्षण किया- ब्‍लड प्रेशर 124/82, वजन में 5.60 किलो की कमी, यूरीन और ब्‍लड में कीटोन पाये गये।

6:30 बजे। हरियाणा के हिसार शहर में अनशन पर बैठे चार लोगों की हालत बिगड़ने लगी है। इनमें से एक को आज अस्‍पताल ले जाया गया।

6 बजे। दिल्‍ली समेत कई अन्‍य शहरों में प्रदर्शनों की तैयारियां शुरू हो गईं। टीम अन्‍ना के सुझाव पर लोग अपने-अपने शहरों के विधायकों व सांसदों के घरों को घेरने की तैयारियां शुरू कर चुके हैं।

मंगलवार सुबह 5 बजे। भोर होते ही रामलीला मैदान में लोगों के आने का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो गया।

सोमवार को सरकारी खेमे में देर रात तक उठापटक जारी रही। अन्‍ना का अनशन तुड़वाने और खुद के लोकपाल‍ बिल को बनाये रखने के लिए बीच का रास्‍ता निकालने के लिए सरकार ने कई दौर की बैठकें बुलाईं। फिलहाल कोई हल नहीं निकला है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+