कराची में नौसेना हमले का मुक़दमा दर्ज

बीबीसी संवाददाता, कराची से
;कुछ चरमपंथियों ने रविवार की रात को नौसेना के ठिकाने मेहरान पर हमला किया था. पाकिस्तानी पुलिस ने कराची में नौसेना के ठिकाने पर हुए हमले का मुक़दमा दर्ज कर लिया है लेकिन हमले की जाँच के लिए जिस दल का गठन किया गया था उसने अभी तक जाँच शुरु नहीं की है. गृहमंत्री रहमान मलिक ने पत्रकारों को बताया कि राष्ट्रपति आसिफ़ ज़रदारी ने घटना की जाँच के आदेश दिए हैं और एक जाँच दल की घोषणा की गई है.
;पाकिस्तानी नौसेना के प्रवक्ता सलमान अली का कहना है कि मेहरान बेस पर हुए हमले की जाँच के लिए अभी तक जाँचदल का गठन नहीं किया गया है. दूसरी तरफ पाकिस्तानी नौसेना के प्रमुख एडमिरल नुमान बशीर ने उन आरोपों का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि सुरक्षा में हुई चूक के कारण चरमपंथियों को बेस में प्रवेश होने का अवसर मिला.
;नौसेना के ठिकाने पर हुए हमले को लेकर चरमपंथियों की संख्या पर नौसेना और गृहमंत्री के बयान एक दूसरे से अलग हैं. गृहमंत्री रहमान मलिक ने हमलावरों की संख्या छह बताई थी लेकिन नौसेना के अधिकारी इरफ़ान असग़न ने हमले का मुक़दमा दर्ज करते समय पुलिस को बताया कि 10 से 12 चरमपंथी नौसेना के ठिकाने मेहरान में दाख़िल हुए और हमला कर दिया.
;पाकिस्तानी नौसेना ने उन ख़बरों को भी रद्द कर दिया कि हमलावरों ने मुक़ाबले के दौरान नौसेना के हथियार इस्तेमाल किए. नौसेना के अनुसार चरमपंथियों ने रुसी हथियार इस्तेमाल किए जो वह इस्तेमाल नहीं करते.
;दूसरी ओर नौसेना के ठिकाने पर चरमपंथियों के ख़िलाफ़ हुए अभियान में मारे गए सुरक्षाकर्मियों के शव लाहौर, नारोवाल, हरीपुर और मुल्तान पहुँचा दिए गए जहाँ उन को दफ़नाया गया. नौसेना के ठिकाने पर हुए हमले में चरमपंथियों की गोलियों का निशाना बने लेफ़्टीनेंट यासिर अब्बास को लाहौर में सरकारी सम्मान के साथ दफ़नाया गया.
;उनकी नमाज़े जनाज़ा में पंजाब के गवर्नर लतीफ़ खोसा सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों और सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया. 24 वर्षीय यासिर अब्बास तीन बहनों के अकेले भाई थे और चार महीने बाद उन की शादी होने वाली थी.
;यासिर अब्बास के एक रिश्तेदार अदनान हमदानी ने बीबीसी को बताया कि नौसेना के ठिकाने पर हुए पहले धमाके की आवाज़ उ की माता ने यासिर के फ़ोन पर सुनी थी और जब वे घायल हुए तो उन के घर वालों को पता चल चुका था. ग़ौरतलब है कि जब नौसेना के ठिकाने पर हमला हुआ तो यासिर अब्बास बेस के हिस्से में तैनात थे.












Click it and Unblock the Notifications