चलती ट्रेन में कोलकाता विश्वविद्यालय की छात्राओं के साथ छेड़छाड़
संयोग से ये छात्राएं भी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से अमृतसर मेल पर हावड़ा जाने के लिए सवार हुई थीं। घटना के संबंध में हावड़ा रेलवे पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना रविवार रात की है, जब अध्ययन दौरे पर वाराणसी आया 18 छात्र-छात्राओं का दल वापसी के लिए अमृतसर एक्सप्रेस की आरक्षित बोगी में सवार हुआ। उसी समय युवकों का एक समूह उस बोगी में आ घुसा और उन्होंने आरक्षित सीटों पर कब्जा जमा लिया। जब लड़कियों ने इस पर आपत्ति की, तो उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की गई।
इसके बाद वे मदद के लिए चिल्लाती रहीं लेकिन आरक्षित बोगी में हो रहे इस हंगामे को सुनकर रेलवे सुरक्षा बल या अन्य कोई रेलकर्मी नहीं आया। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने एक लड़की की टी शर्ट भी फाड़ दी। साथी छात्रों ने जब इस सबका विरोध किया, तो असामाजिक तत्वों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद हुड़दंगी युवकों का समूह पटना रेलवे स्टेशन पर उतर गया। पीडि़त छात्राओं का कहना है कि उन्होंने घटना के दौरान दो बार ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोकना चाहा, मदद के लिए चिल्लाती रहीं लेकिन न ट्रेन रुकी और न ही कोई आया।













Click it and Unblock the Notifications