लीबिया: हवाई हमलों में आमलोगों को नुकसान नहीं

रियर एडमिरल गेर्राड हयूबर का ये बयान गद्दाफ़ी सरकार के दावों से विपरीत है. रियर एडमिरल हयूबर ने कहा,"हम गद्दाफ़ी की सेनाओं पर दबाव डाल रहे हैं. हमारा मिशन आम लोगों की रक्षा करना है और हम अपने अभियान को इसी बात को ध्यान में रखते हुए अंजाम दे रहे हैं."
इससे पहले ब्रिटेन के एअर वाइस मार्शल ग्रेग बेगवैल ने कहा था कि कर्नल 'गद्दाफ़ी की वायूसेना का अस्तित्व अब समाप्त' हो गया है. एअर वाइस मार्शल बेगवैल ने कहा, "हम लीबिया के मासूम लोगों को हमलों से बचा रहे हैं. हम लीबिया की थलसेना पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और जब भी ये सेना आम लोगों पर हमला करती है हम उसपर आक्रमण कर देते हैं."
लीबिया से आ रही ताज़ा रिपोर्टों में त्रिपोली के पूर्व में स्थित ताजुरा क्षेत्र के एक सैन्य ठिकाने पर धमाका हुआ है. ऐसी भी ख़बरें आ रही हैं कि विद्रोहियों के कब्ज़े वाले मिस्राता शहर में सरकारी सेनाएं एक अस्पताल को निशाना बना रही हैं. और लीबिया के पूर्वी शहर अजदाबिया में गद्दाफ़ी और विद्रोहियों के बीच भीषण युद्ध जारी है. शहर छोड़कर भाग रहे लोगों ने बताया है कि वहां भारी गोलीबारी हो रही है और कई घरों में आग लगी हुई है.
इस बीच अमरीकी विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन ने एक बार फिर कर्नल गद्दाफ़ी से पद छोड़ने और लीबिया से बाहर निकल जाने को कहा है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने लीबिया में सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार क़ानूनों का सम्मान करने की अपील की है.












Click it and Unblock the Notifications