पॉस्को की मंजूरी के खिलाफ उड़ीसा में रैली

देश में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश करने जा रही इस कंपनी की उड़ीसा परियोजना के विरोध में उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले में मंगलवार को करीब 3000 ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने यह रैली पर्यावरण और वन मंत्रालय द्वारा पॉस्को की 12 अरब डॉलर की परियोजना को सशर्त मंजूरी दिए जाने के खिलाफ निकाली। अलग-अलग गांवों से महिला और पुरुषों की रैलियां निकलीं और परियोजना क्षेत्र के केंद्रीय गांव पटाना में इकट्ठा हो गईं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि रैली शांतिपूर्ण रही। लोग हाथों में तख्तियां लिए थे और 'पॉस्को वापस जाओ' तथा 'हम मर जाएंगे लेकिन जमीन खाली नहीं करेंगे' जैसे नारे लगा रहे थे। रैली का आयोजन करने वाले पॉस्को प्रतिरोध संघर्ष समिति ने कहा कि ऐसी अनेक रैलियां आयोजित की जाएंगी। समिति के प्रवक्ता प्रशांत परिक्रे ने कहा कि वे दिल्ली जाकर प्रदर्शन करेंगे और देश भर में विस्थापन के शिकार लोग उनका साथ देंगे।
पर्यावरण मंत्रालय ने सोमवार को दक्षिण कोरिया की इस्पात कम्पनी पॉस्को की 12 अरब डॉलर की प्रस्तावित इस्पात, खनन और बंदरगाह परियोजना को सशर्त मंजूरी दे दी। इतनी बड़ी राशि का यह देश में अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश है। हजारों स्थानीय निवासी पान की खेती उजड़ने और विस्थापन के भय से परियोजना का विरोध कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications