पाक सांसदों ने की अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग
ज्ञात हो कि सिंध विधानसभा के सदस्य राम सिंह सोधो ने धमकी मिलने के बाद पिछले महीने के अंत में विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और पाकिस्तान छोड़ कर भारत चले गए।
नेशनल एसेम्बली की बैठक में सोधो के पलायन और अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं में बढ़ोतरी के मुद्दे को बार-बार उठाया गया।
समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की सदस्य पलवाशा खान के हवाले से कहा है, "क्या हम असुरक्षा के इस स्तर पर पहुंच गए हैं कि अल्पसंख्यकों को पलायन के लिए मजबूर कर दिया जा रहा है? क्या पाकिस्तान ने जिस धार्मिक एवं संवैधानिक गारंटी का वादा किया था, उनमें उनका भरोसा उठ गया है?"
खान ने कहा कि जमीनी हालात संविधान में की गई व्यवस्थाओं से भिन्न हैं। संविधान में अल्पसंख्यकों को समान अधिकार एवं जीवन, सम्पत्ति व सम्मान की हिफाजत का वादा किया गया है।
राम सिंह सोधो अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित एक सीट से पाकिस्तान मुस्लिम लीग-फंक्शनल (पीएमएल-एफ) के टिकट पर सिंध विधानसभा के लिए 2008 के आम चुनाव में निर्वाचित हुए थे।
धमकी मिलने के बाद सोधो भारत चले गए और वहां से उन्होंने सिंध विधानसभा के अध्यक्ष निसार अहमद खोरो को अपना इस्तीफा भेज दिया।
पीएमएल-एफ सिंध में सत्ताधारी पीपीपी का सहयोगी दल है।
फिरौती के लिए हिंदुओं के बच्चों को अगवा करने की घटनाएं पिछले कई महीनों से बढ़ गई हैं। इसके कारण कई परिवार अपने घरों को छोड़ कर भारत या अन्य देशों में चले गए हैं।
बलूचिस्तान प्रांत के कलात कस्बे में स्थित काली माता मंदिर के महराज, लकी चंद गार्जी (82) को एक सशस्त्र गिरोह ने पिछले वर्ष 21 दिसम्बर को अगवा कर लिया था। उनके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायद के एक ईसाई सदस्य अकरम मसीह गिल ने कहा कि अल्पसंख्यकों को सबसे कठिन दौर का सामना करना पड़ रहा है।
मसीह ने कहा, "हम गैर मुस्लिम पाकिस्तानियों को एक अंधी गली में धकेला जा रहा है। हमारे पास सीमित विकल्प बचे हैं। ऐसा लगता है कि किसी भी राजनीतिक पार्टी के पास अल्पसंख्यकों के अधिकारों और उनकी हिफाजत के लिए कोई खाका नहीं है।"
पीपीपी के नवाब यूसुफ तालपुर ने कहा, "अल्पसंख्यक पाकिस्तान छोड़ रहे हैं.. उन्हें अब इस बात का विश्वास नहीं रह गया है कि सरकार उनकी हिफाजत कर सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications