झारखण्ड में तीन बच्चों सहित 9 की हत्या
रांची। झारखण्ड के गुमला जिले में दो घटनाओं में चार महिलाओं और तीन बच्चों सहित नौ लोगों की हत्या कर दी गई। मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने हालांकि राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से इंकार किया है।मुंडा ने कहा, "जैसी कि जानकारी मिली है, हत्याओं की वजह पारिवारिक और भूमि विवाद है..इसका कानून एवं व्यवस्था से कोई सम्बंध नहीं है।"पुलिस सूत्रों ने हालांकि मुख्यमंत्री के दावे से इंकार किया है।
रांची के पुलिस महानिरीक्षक सम्पत मीणा ने गुमला में संवाददाताओं से कहा, "दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ था। हम मामले की जांच कर रहे हैं।"ज्ञात हो कि गुमला जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में कुल नौ लोगों की हत्या कर दी गई।एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पहली घटना तैसेरा गांव की है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। इस परिवार का एक सदस्य सुमन तिर्की एक आपराधिक गिरोह का हिस्सा था।
वहीं बृंदा महतौली गांव में भी परिवार के चार लोगों की गला रेतकर ही हत्या की गई। इस परिवार के सदस्य मदन गोप का पहले एक आपराधिक गिरोह से सम्बंध था।पुलिस के अनुसार हत्याओं की ये दोनों घटनाएं बुधवार की देर शाम और गुरुवार की सुबह हुईं।पुलिस की टीमें दोनों गांवों में घटना की जांच के लिए गुरुवार को पहुंचीं।कांग्रेस ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने कहा, "राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बेहद बिगड़ चुकी है।"












Click it and Unblock the Notifications